कोहरे का असर बरकरार, दिल्ली से वाराणसी आने वाली 6 ट्रेनें घंटों देरी से पहुंचीं

WhatsApp Channel Join Now

वाराणसी। उत्तर भारत में लगातार चौथे दिन घने कोहरे का असर बना रहा, जिससे रेल यातायात बुरी तरह प्रभावित हुआ। दिल्ली और मुंबई से वाराणसी आने वाली कई ट्रेनें अपने निर्धारित समय से काफी देरी से पहुंचीं। इससे कैंट रेलवे स्टेशन पर यात्रियों को लंबा इंतजार करना पड़ा और ठंड के बीच परेशानी झेलनी पड़ी।

गुरुवार को दिल्ली और मुंबई से कुल सात ट्रेनें वाराणसी आईं, जिनमें से छह ट्रेनें अपने तय समय से घंटों विलंब से पहुंचीं। दिल्ली से चलने वाली 12392 श्रमजीवी एक्सप्रेस निर्धारित समय रात 2:35 बजे के बजाय 2 घंटे 40 मिनट की देरी से सुबह 5:15 बजे कैंट स्टेशन पहुंची। वहीं 22416 वंदे भारत एक्सप्रेस, जो रात 11:05 बजे पहुंचनी थी, करीब दो घंटे की देरी से वाराणसी आई।

इसी तरह 14006 सद्भावना एक्सप्रेस सुबह 6 बजे की जगह 2 घंटे 25 मिनट की देरी से सुबह 8:25 बजे पहुंची। 12560 शिवगंगा एक्सप्रेस का भी यही हाल रहा, जो अपने निर्धारित समय से करीब 4 घंटे देरी से वाराणसी स्टेशन पहुंची। इसके अलावा 12562 स्वतंत्रता सेनानी सुपरफास्ट एक्सप्रेस सुबह 8:05 बजे के बजाय 4 घंटे की देरी से दोपहर 12:05 बजे स्टेशन पर पहुंची, जिससे यात्रियों को खासा इंतजार करना पड़ा।

रेलवे अधिकारियों के अनुसार कोहरे के कारण दृश्यता बेहद कम होने से ट्रेनों की रफ्तार नियंत्रित रखनी पड़ रही है, जिसका सीधा असर समय सारिणी पर पड़ रहा है। सुबह और देर रात के समय कोहरे की तीव्रता अधिक होने से ट्रेनों के संचालन में लगातार दिक्कतें आ रही हैं।

कैंट रेलवे स्टेशन पर ट्रेनों के इंतजार में बैठे यात्रियों ने बताया कि ठंड और कोहरे के बीच प्लेटफॉर्म पर घंटों रुकना पड़ा। हालांकि रेलवे प्रशासन की ओर से यात्रियों को सूचना देने और आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने का प्रयास किया जा रहा है। मौसम विभाग ने आने वाले दिनों में भी कोहरे की स्थिति बने रहने की संभावना जताई है, जिससे रेल यात्रियों की परेशानियां फिलहाल कम होती नजर नहीं आ रहीं।

Share this story