वाराणसी में वरुणा किनारे जुआ खेलते 6 गिरफ्तार, नकदी, ताश व सामान बरामद
वाराणसी। अपराध और अवैध गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना सारनाथ पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस टीम ने दनियालपुर क्षेत्र में वरुणा नदी के किनारे अवैध रूप से जुआ खेल रहे छह लोगों को गिरफ्तार किया है। मौके से ताश के पत्ते, नकदी और अन्य सामान बरामद किया गया।
पुलिस आयुक्त के निर्देश पर, पुलिस उपायुक्त वरुणा जोन के निर्देशन तथा अपर पुलिस उपायुक्त के पर्यवेक्षण में सहायक पुलिस आयुक्त सारनाथ के नेतृत्व में यह कार्रवाई की गई। मुखबिर की सूचना पर पुलिस टीम ने गुरुवार की शाम दनियालपुर स्थित वरुणा नदी किनारे छापेमारी की। वहां कुछ लोग जुआ खेलते पाए गए, जिन्हें घेराबंदी कर मौके से ही पकड़ लिया गया।
गिरफ्तार आरोपियों में इमरान खान, नीरज सोनकर, महेश चौधरी, शनि सोनकर, मतीउर्रहमान और जावेद शामिल हैं, जो वाराणसी के विभिन्न थाना क्षेत्रों के निवासी हैं। पुलिस ने इनके कब्जे से 52 ताश के पत्ते, 980 रुपये मालफड़ के रूप में, 870 रुपये तलाशी के दौरान, पांच मोबाइल फोन और आठ मोटरसाइकिल बरामद कर सीज किए हैं।
इस कार्रवाई के संबंध में थाना सारनाथ में मुकदमा संख्या 0156/2026 धारा 13 सार्वजनिक जुआ अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है। इस सफल कार्रवाई में थानाध्यक्ष पंकज कुमार त्रिपाठी के नेतृत्व में उपनिरीक्षक अनिल कुमार, हेड कांस्टेबल दिलीप यादव, विनीत सिंह, लल्लन यादव तथा कांस्टेबल पुरुषोत्तम मिश्रा और मुन्ना यादव की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

