वाराणसी में 5.43 लाख बच्चों को पिलाई जाएगी पोलियो की खुराक, 22 नवंबर से छह दिवसीय अभियान

WhatsApp Channel Join Now

जिले में बनाए गए 1790 बूथ, घर-घर पहुंचेंगी 1270 टीमें; पाकिस्तान-अफगानिस्तान में पोलियो के मामलों को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग सतर्क

वाराणसी। जिले में पांच वर्ष तक के बच्चों को पोलियो से सुरक्षित करने के लिए 22 नवंबर से विशेष पल्स पोलियो अभियान शुरू होगा। छह दिन तक चलने वाले इस अभियान में 5.43 लाख से अधिक नौनिहालों को पोलियो की खुराक पिलाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। अभियान की तैयारियों और कार्ययोजना की समीक्षा के लिए गुरुवार को विकास भवन सभागार में जिला टास्क फोर्स की बैठक हुई। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. एनपी सिंह ने अधिकारियों और स्वास्थ्यकर्मियों को शत-प्रतिशत लक्ष्य हासिल करने के निर्देश दिए।

सीएमओ ने कहा कि अभियान के दौरान लक्षित सभी बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाना सुनिश्चित किया जाए। इसके लिए अभियान में लगाए गए कर्मचारियों को पहले से प्रशिक्षित किया जाए। बीमार बच्चों और दवा पीने से इनकार करने वाले परिवारों के बच्चों को भी चिह्नित कर उन्हें खुराक पिलाई जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि अभियान में किसी तरह की लापरवाही या शिथिलता बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

123

सीएमओ ने कहा कि पाकिस्तान और अफगानिस्तान में इस वर्ष भी पोलियो के मामले सामने आ रहे हैं। वाराणसी प्रमुख धार्मिक स्थल होने के कारण यहां देश-विदेश से बड़ी संख्या में लोगों का आवागमन होता है। ऐसे में संक्रमण के प्रसार की आशंका को देखते हुए विशेष सतर्कता बरतना जरूरी है। उन्होंने आमजन से अपील की कि पांच वर्ष तक के प्रत्येक बच्चे को पोलियो की दो बूंद अवश्य पिलवाएं।

उन्होंने निर्देश दिया कि 22 नवंबर को बूथ दिवस पर सभी विद्यालय खुले रहेंगे। स्कूलों में बच्चों की बुलावा टोली बनाई जाए, ताकि अधिक से अधिक बच्चों को बूथ पर लाकर पोलियो की खुराक पिलाई जा सके। इस दिन आंगनबाड़ी केंद्र भी संचालित होंगे। बूथ दिवस का शुभारंभ स्थानीय जनप्रतिनिधियों के माध्यम से कराने के निर्देश दिए गए।

जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डॉ. एसएस कन्नौजिया ने बताया कि अभियान के लिए जिले में 1790 बूथ बनाए गए हैं। बूथ दिवस के बाद 23 नवंबर से स्वास्थ्यकर्मी घर-घर जाकर छूटे हुए बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाएंगे। इसके लिए 1270 घर-घर भ्रमण टीमें गठित की गई हैं। इसके अलावा 34 ट्रांजिट टीमें और 38 मोबाइल टीमें भी लगाई गई हैं। अभियान के दौरान भी कोई बच्चा खुराक पीने से छूट जाता है तो उसे 30 नवंबर को दवा पिलाई जाएगी।

बैठक का संचालन जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डॉ. एसएस कन्नौजिया और डब्ल्यूएचओ के एसएमओ डॉ. महेंद्र सोनी ने किया। इसमें यूनिसेफ के डीएचसी आलोक कुमार राय, जेएसआई के डॉ. शाहिद, संदीप श्रीवास्तव सहित जिला पंचायत राज अधिकारी, जिला कार्यक्रम अधिकारी, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी, खंड विकास अधिकारी और प्रभारी चिकित्सा अधिकारी मौजूद रहे।

BK Pathak
BK Pathak

21864 Articles

Beerkeshwar Pathak Journalist Beerkeshwar Pathak, who entered the field of journalism in 2015, has nearly a decade of experience in print and digital media. He holds a postgraduate diploma in journalism and has established his reputation through reporting at prestigious media outlets like Amar Ujala, Hindustan, and Dainik Jagran. He has a special interest and expertise in reporting on political and social issues, news analysis, and editing, along with eventful news. He currently serves as an editor at Live VNS, a leading digital news platform in Varanasi. In this role, he is contributing to reshaping digital journalism and delivering important information to readers through factual and reliable news. Factual investigation of news and effective editing are key aspects of his journalism.

Share this story