सावन में बाबा विश्वनाथ के दर्शन को उमड़ रहा श्रद्धालुओं का रेला, 19 दिनों में 53.69 लाख ने लगाई हाजिरी, पूरे सावन में 80 लाख भक्तों के पहुंचने का अनुमान

WhatsApp Channel Join Now

हर सोमवार करीब साढ़े पांच लाख श्रद्धालु कर रहे काशी विश्वनाथ के दर्शन

इस बार 25 से 30 मिनट में हो रहे बाबा के दर्शन, पुष्प वर्षा कर हुआ स्वागत 

सावन में सभी प्रोटोकॉल पूरी तरह निरस्त, सामान्य श्रद्धालुओं को त्वरित दर्शन कराने पर जोर 

वाराणसी। सावन के पावन महीने में बाबा विश्वनाथ के दरबार में आस्था का सैलाब उमड़ रहा है। श्री काशी विश्वनाथ धाम में श्रद्धालुओं की लगातार बढ़ती भीड़ के बीच दर्शन-पूजन की व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के प्रयास किए जा रहे हैं। धाम के मुख्य कार्यपालक अधिकारी विश्वभूषण मिश्रा ने बताया कि सावन के 19 दिनों में अब तक 53 लाख 69 हजार 634 शिवभक्त बाबा विश्वनाथ के दर्शन कर चुके हैं। पूरे सावन मास में करीब 80 लाख श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है।

123

उन्होंने बताया कि सावन के प्रत्येक सोमवार को लगभग साढ़े पांच लाख श्रद्धालु बाबा विश्वनाथ के दर्शन के लिए पहुंच रहे हैं। इसके बावजूद श्रद्धालुओं को दर्शन के लिए अधिक समय तक इंतजार नहीं करना पड़ रहा है। वर्तमान में दर्शन के लिए वेटिंग टाइम करीब 25 से 30 मिनट का है। इतने समय में श्रद्धालुओं को बाबा विश्वनाथ का दर्शन प्राप्त हो जा रहा है।

123

सामान्य श्रद्धालुओं को प्राथमिकता
मुख्य कार्यपालक अधिकारी ने बताया कि सावन के दौरान सभी प्रकार के प्रोटोकॉल पूरी तरह निरस्त हैं। इसके बावजूद यदि कोई विशिष्ट व्यक्ति, दिव्यांग या बुजुर्ग श्रद्धालु दर्शन के लिए आता है तो मानवीय आधार पर उसकी सहायता करने का प्रयास किया जाता है। वहीं, सामान्य दर्शनार्थियों के दर्शन में किसी तरह का विलंब या असुविधा न हो, इसका विशेष ध्यान रखा जा रहा है।

123

श्रद्धालुओं का अनुभव बेहतर
विश्वभूषण मिश्रा ने कहा कि व्यवस्थाओं का असर श्रद्धालुओं के अनुभव पर भी दिखाई दे रहा है। कम समय में दर्शन होने के कारण श्रद्धालु प्रसन्नता के साथ बाबा विश्वनाथ का आशीर्वाद लेकर लौट रहे हैं। सावन के शेष दिनों में भी श्रद्धालुओं की संख्या बढ़ने की संभावना को देखते हुए व्यवस्था को लगातार बेहतर बनाए रखने पर जोर दिया जा रहा है।

Share this story