501 दीपों से जगमगाया आशापुर चौराहा, राजीव गांधी की जयंती पर युवा कांग्रेस ने किया नमन

WhatsApp Channel Join Now

वाराणसी। पूर्व प्रधानमंत्री एवं भारत रत्न स्वर्गीय राजीव गांधी की 82वीं जयंती पर महानगर युवा कांग्रेस की ओर से आशापुर चौराहे पर श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान राजीव गांधी की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर 501 दीप प्रज्ज्वलित किए गए। दीपों की रोशनी से आशापुर चौराहा जगमगा उठा। कांग्रेस और युवा कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने राजीव गांधी के राष्ट्र निर्माण में योगदान, विचारों और देश के प्रति समर्पण को याद करते हुए उन्हें नमन किया।

कार्यक्रम की अध्यक्षता महानगर युवा कांग्रेस अध्यक्ष चंचल शर्मा ने की, जबकि संयोजन महानगर महासचिव उत्कर्ष पांडेय और संचालन महानगर महासचिव पीयूष श्रीवास्तव ने किया। कार्यक्रम में कांग्रेस एवं युवा कांग्रेस के पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं और स्थानीय लोगों ने राजीव गांधी की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी।

123

महानगर उपाध्यक्ष मयंक चौबे और वरिष्ठ छात्रनेता प्रोफेसर विकास सिंह ने कहा कि राजीव गांधी आधुनिक भारत के निर्माण की दूरदर्शी सोच रखने वाले नेता थे। उन्होंने देश को 21वीं सदी की चुनौतियों के लिए तैयार करने की दिशा में विज्ञान, तकनीक, संचार और शिक्षा के क्षेत्र में महत्वपूर्ण पहल की। युवाओं को राष्ट्र निर्माण की मुख्यधारा से जोड़ने तथा उन्हें लोकतांत्रिक व्यवस्था में अधिक भागीदारी का अवसर देने की दिशा में भी उनके योगदान को याद किया गया।

उन्होंने कहा कि आज 501 दीप जलाकर राजीव गांधी को श्रद्धांजलि देना उनके विचारों और आधुनिक भारत के सपने को आगे बढ़ाने का संकल्प है। देश की एकता-अखंडता, लोकतांत्रिक मूल्यों और सामाजिक सद्भाव की रक्षा के लिए युवा पीढ़ी को सक्रिय भूमिका निभानी चाहिए। महानगर युवा कांग्रेस अध्यक्ष चंचल शर्मा और महासचिव पीयूष श्रीवास्तव ने कहा कि राजीव गांधी का राजनीतिक जीवन भारत को मजबूत, आधुनिक और प्रगतिशील बनाने के संकल्प से जुड़ा रहा। तकनीकी विकास, शिक्षा के विस्तार और युवाओं को अवसर देने के उनके प्रयासों का प्रभाव देश के विकास में आज भी दिखाई देता है।

उन्होंने कहा कि राजीव गांधी ने युवाओं को केवल भविष्य नहीं, बल्कि वर्तमान का सक्रिय भागीदार माना। युवा कांग्रेस उनके विचारों को आगे बढ़ाते हुए युवाओं के अधिकार, रोजगार, शिक्षा, सामाजिक न्याय और लोकतांत्रिक मूल्यों से जुड़े मुद्दों को उठाती रहेगी। कार्यक्रम में मयंक चौबे, प्रो. विकास सिंह, रोहित दुबे, बिपिन मेहता, उत्कर्ष पांडेय, धीरज सोनकर, ओम शुक्ला, रामसुधार मिश्रा, अनुज यादव, पीयूष यादव, रौनक यादव, हिमांशु चौरसिया, मो. शोएब, अंकित गुप्ता, मदन कन्नौजिया सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस और युवा कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे। अंत में सभी ने राजीव गांधी के विचारों और आदर्शों को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प लिया।

Share this story