वाराणसी में 50 हजार भवन स्वामियों को मिलेंगे चार रंग के डस्टबिन, कचरा प्रबंधन की पहल 

WhatsApp Channel Join Now

वाराणसी। शहर में ठोस कचरा प्रबंधन को बेहतर बनाने और कूड़े के पृथक्करण को बढ़ावा देने के लिए नगर निगम एक नई पहल शुरू करने जा रहा है। इसके तहत शहर के 50 हजार भवन स्वामियों को चार रंगों के डस्टबिन वितरित किए जाएंगे। यह अभियान शहर के सभी 8 जोन में चलेगा। 

नगर आयुक्त अक्षत वर्मा ने बताया कि पहले चरण में 8 जोन से 50 हजार भवन स्वामियों को अलग-अलग रंग के डस्टबिन उपलब्ध कराए जाएंगे। इनमें हरा, नीला, लाल और काला रंग के डस्टबिन शामिल होंगे। प्रत्येक रंग का डस्टबिन अलग प्रकार के कचरे के लिए निर्धारित रहेगा, जिससे कचरे का सही तरीके से निस्तारण किया जा सके।

नगर निगम का उद्देश्य घरों से निकलने वाले गीले, सूखे और अन्य प्रकार के कचरे को स्रोत पर ही अलग-अलग एकत्र करना है, ताकि शहर की सफाई व्यवस्था और अधिक प्रभावी बन सके। नगर आयुक्त ने यह भी स्पष्ट किया कि फिलहाल किसी प्रकार का जुर्माना नहीं लगाया जाएगा।

उन्होंने नागरिकों से अपील की है कि वे जागरूक बनें और कचरे को अलग-अलग डस्टबिन में डालने की आदत विकसित करें, ताकि स्वच्छ शहर के लक्ष्य को हासिल किया जा सके।

Share this story