वाराणसी परिक्षेत्र के 8 डिपो से 11 दिनों में 4,500 बुजुर्ग महिला यात्रियों ने निशुल्क यात्रा का उठाया लाभ
योगी सरकार ने निशुल्क रोडवेज यात्रा से वृद्ध महिलाओं को दी बड़ी राहत
लोकमाता अहिल्याबाई मातृशक्ति यात्रा योजना के तहत 60 वर्ष या उससे अधिक आयु की महिलाओं को मिल रही निशुल्क यात्रा की सुविधा
आधार या वोटर आईडी कार्ड दिखाकर महिलाएं कर रही निशुल्क यात्रा
योगी सरकार की यह पहल बुजुर्ग महिलाओं के लिए आर्थिक राहत के साथ-साथ सम्मानजनक और सुविधाजनक आवागमन का माध्यम बनी
वाराणसी। बढ़ती उम्र में आवागमन का खर्च बुजुर्ग महिलाओं के लिए कई बार अतिरिक्त आर्थिक बोझ बन जाता है। ऐसे में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की 'लोकमाता अहिल्याबाई मातृशक्ति यात्रा योजना' उन्हें बड़ी राहत दे रही है। योजना के तहत 60 वर्ष या उससे अधिक आयु की महिलाएं उत्तर प्रदेश राज्य सड़क परिवहन निगम की साधारण बसों में निशुल्क यात्रा कर रही हैं, जिससे उन्हें आवागमन के लिए किराए की चिंता से राहत मिल रही है।
वाराणसी परिक्षेत्र में भी बड़ी संख्या में वरिष्ठ महिलाएं इस सुविधा का लाभ उठा रही हैं। क्षेत्रीय प्रबंधक , वाराणसी परशुराम पांडेय के अनुसार, वाराणसी परिक्षेत्र के आठों डिपो की रोडवेज बसों में बीते 11 दिनों में 4500 महिला यात्रियों ने निशुल्क यात्रा की है। इन यात्राओं पर सरकार ने ₹ 730339 रुपये वहन किये हैं।
यात्रा के खर्च की चिंता से मिली राहत
बुजुर्ग महिलाओं के लिए यह सुविधा केवल मुफ्त बस यात्रा तक सीमित नहीं है, बल्कि रोजमर्रा की जरूरतों और जरूरी कामों के लिए उनके आवागमन को भी आसान बना रही है। अपने रिश्तेदारों से मिलने, जरूरी काम से दूसरे शहर जाने या धार्मिक यात्रा के लिए निकलने वाली महिलाओं को अब बस किराए का अतिरिक्त बोझ नहीं उठाना पड़ रहा है। योजना के तहत पात्र महिलाओं को आजीवन निशुल्क रोडवेज यात्रा की सुविधा दिए जाने की व्यवस्था है। इससे खासकर उन महिलाओं को राहत मिल रही है, जिनके लिए यात्रा का किराया भी उनके घरेलू बजट पर असर डालता है।
आधार या वोटर आईडी से होगी पहचान
यात्रा के दौरान महिला की आयु और उत्तर प्रदेश की निवासी होने की पुष्टि के लिए आधार कार्ड मतदाता पहचान पत्र दिखाना होता है । 60 वर्ष या उससे अधिक आयु की पात्र महिलाएं निर्धारित प्रक्रिया के तहत इस सुविधा का लाभ ले सकती हैं। वाराणसी परिक्षेत्र में अब तक 4500 महिला यात्रियों का निशुल्क यात्रा करना इस बात का संकेत है कि वरिष्ठ महिलाओं के बीच योजना की पहुंच लगातार बढ़ रही है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की सरकार की यह पहल बुजुर्ग महिलाओं के लिए आर्थिक राहत के साथ-साथ सम्मानजनक और सुविधाजनक आवागमन का माध्यम बन रही है। आंकड़े बताते हैं कि वाराणसी परिक्षेत्र के सभी आठों डिपो में वरिष्ठ महिलाएं योगी सरकार द्वारा दी गई इस सुविधा का इस्तेमाल कर रही हैं।
डिपोपर महिला यात्रियों की संख्या
कैंट -479
चंदौली -444
गाजीपुर - 859
जौनपुर -960
काशी -493
सोनभद्र -437
रूरल -524
विंध्यनगर -304

