यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो में काशी के 45 उद्यमी दिखाएंगे अपनी विरासत, देश-विदेश में मिलेगी पहचान

WhatsApp Channel Join Now

वाराणसी। उत्तर प्रदेश इंटरनेशनल ट्रेड शो का चौथा संस्करण 25 से 29 सितंबर तक ग्रेटर नोएडा में आयोजित किया जाएगा। इसमें काशी के 45 उद्यमी अपने पारंपरिक और आधुनिक उत्पादों का प्रदर्शन करेंगे। ट्रेड शो के जरिए उद्यमियों को वैश्विक बाजार से जुड़ने और अपने उत्पादों को नए खरीदारों तक पहुंचाने का अवसर मिलेगा।

ट्रेड शो में काशी की पहचान से जुड़े उत्पादों को विशेष रूप से प्रदर्शित किया जाएगा। इसमें बनारसी सिल्क साड़ी, लकड़ी के खिलौने और गुलाबी मीनाकारी जैसे प्रमुख उत्पाद शामिल होंगे। इसके अलावा अन्य पारंपरिक हस्तशिल्प और आधुनिक उत्पाद भी प्रदर्शित किए जाएंगे। बनारसी सिल्क के विभिन्न उत्पादों के साथ आधुनिक बाजार की मांग के अनुरूप तैयार किए गए उत्पाद भी शो में शामिल होंगे। उद्यमियों की ओर से घरेलू बाजार के साथ अंतरराष्ट्रीय खरीदारों के लिए तैयार उत्पादों की जानकारी भी दी जाएगी।

उपायुक्त उद्योग अभिषेक प्रियदर्शी ने बताया कि काशी के 45 उद्यमियों ने ट्रेड शो के लिए पंजीकरण कराया है। इनमें जनपद के उत्पाद, सूक्ष्म, लघु और मध्यम उद्यम तथा महिला उद्यमी भी शामिल हैं। मुख्यमंत्री युवा उद्यमी अभियान से जुड़ी महिला उद्यमियों को भी इसमें भाग लेने का अवसर मिलेगा।

उन्होंने बताया कि काशी के उत्पाद उसकी प्राचीन विरासत और आधुनिक बाजार के मेल का उदाहरण हैं। ट्रेड शो में सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्योग तथा युवा उद्यमियों के उत्पादों को आधुनिक तकनीक और बदलते बाजार के अनुरूप प्रस्तुत किया जाएगा। साथ ही उत्पाद और कंटेनर की पैकेजिंग भी प्रदर्शित की जाएगी।

Share this story