वाराणसी में रोपे जाएंगे 25 हजार पौधे, महापौर ने बरेका में लगाए 101 पौधे
वाराणसी। पर्यावरण संरक्षण और काशी में हरियाली बढ़ाने के उद्देश्य से नगर निगम ने इस मानसून व्यापक पौधरोपण अभियान शुरू किया है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान से प्रेरित नगर निगम ने इस वर्ष शहर में 25 हजार पौधे लगाने का लक्ष्य निर्धारित किया है। अभियान के तहत शुक्रवार को महापौर अशोक कुमार तिवारी ने बनारस रेल इंजन कारखाना (बीएलडब्ल्यू) परिसर में विभिन्न प्रजातियों के 101 पौधे रोपकर अभियान की शुरुआत की।
महापौर ने बीएलडब्ल्यू परिसर में नीम, पीपल, गुलमोहर और पाकड़ समेत कई प्रजातियों के पौधे लगाए। नगर निगम के अनुसार परिसर में अगले 10 दिनों के भीतर करीब दो हजार पौधे रोपे जाएंगे। इसके लिए निर्धारित स्थानों पर गड्ढे तैयार कर पौधों के साथ ट्री-गार्ड लगाए जा रहे हैं। नगर निगम की योजना केवल पौधे लगाने तक सीमित नहीं है। पौधों के संरक्षण और नियमित देखभाल पर भी विशेष जोर दिया जा रहा है। रोपे गए पौधों की निगरानी के लिए जियो-ट्रैकिंग की व्यवस्था की जा रही है। इसके साथ ही स्थानीय नागरिकों को पौधों का ‘पालक’ बनाकर उनकी देखभाल की जिम्मेदारी सौंपी जाएगी। इससे पौधों की नियमित निगरानी और संरक्षण सुनिश्चित करने में मदद मिलेगी।

महापौर ने कहा कि पौधरोपण के साथ पौधों को सुरक्षित रखना भी अभियान का महत्वपूर्ण हिस्सा है। नगर निगम का प्रयास है कि लगाए गए अधिक से अधिक पौधे सुरक्षित रहें और आने वाले वर्षों में विकसित होकर शहर को बेहतर हरित वातावरण दें। बीएलडब्ल्यू परिसर में आयोजित कार्यक्रम में पूर्व विधायक सुरेंद्र नारायण सिंह के अलावा पार्षद सुरेश पटेल, रविंद्र सिंह, मदन मोहन तिवारी, अजय बिंद, अमित सिंह चिंटू, श्याम भूषण शर्मा, महेंद्र पटेल, गोपाल पटेल, अतुल पांडेय और कल्लू पहलवान ने भी पौधरोपण किया।
कार्यक्रम में जिला वॉलीबॉल संघ के सचिव सर्वेश पांडेय, भारतीय मजदूर संघ रेलवे के प्रभात सिंह, केएन तिवारी, राकेश पांडेय समेत अन्य गणमान्य नागरिक मौजूद रहे। संयुक्त नगर आयुक्त एवं उद्यान प्रभारी कृष्ण चंद्र तथा क्षेत्रीय पार्षद भी कार्यक्रम में उपस्थित रहे। नगर निगम ने मानसून के दौरान शहर के विभिन्न क्षेत्रों में चरणबद्ध तरीके से पौधरोपण कराने की तैयारी की है। अभियान के तहत पर्यावरण संरक्षण के साथ नागरिकों की भागीदारी बढ़ाने पर भी जोर दिया जा रहा है।

