बाबा बर्फानी के दर्शन को काशी से जाएंगे 25 जत्थे, 20 जुलाई तक बुकिंग फुल
वाराणसी। बाबा बर्फानी के दर्शन के लिए इस वर्ष काशी से श्रद्धालुओं में जबरदस्त उत्साह देखने को मिल रहा है। अमरनाथ यात्रा के लिए पंजीकरण और मेडिकल जांच की प्रक्रिया शुरू होते ही महज कुछ ही दिनों में 20 जुलाई तक की बुकिंग फुल हो गई है। बनारस और आसपास के जिलों से अब तक 600 से अधिक श्रद्धालु पंजीकरण करा चुके हैं।
15 अप्रैल से पंजीकरण की प्रक्रिया शुरू हो चुकी है। काशी से इस बार कुल 25 जत्थे रवाना होंगे। इसके अलावा 80 सेवादारों का एक विशेष दल भी अमरनाथ यात्रा के लिए जाएगा, जो 3 जुलाई से 28 अगस्त तक विभिन्न जत्थों के साथ यात्रा करेगा।
20 जून से रवाना होंगे सेवादार
सेवादारों का दल 20 जून से कश्मीर के लिए रवाना होगा। यह दल यात्रियों की सेवा और सहयोग में तैनात रहेगा। यात्रा मार्ग में श्रद्धालुओं के लिए भोजन, चिकित्सा और अन्य जरूरी व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएंगी।
पंजीकरण के साथ अनिवार्य है स्वास्थ्य परीक्षण
अमरनाथ यात्रा के लिए पंजीकरण ऑनलाइन और ऑफलाइन दोनों माध्यमों से किया जा रहा है। इसके लिए अधिकृत बैंकों और स्वास्थ्य केंद्रों पर मेडिकल जांच अनिवार्य है। बिना स्वास्थ्य प्रमाणपत्र के यात्रा की अनुमति नहीं दी जाएगी। पंजीकरण शुल्क 150 रुपये निर्धारित किया गया है।
आईडी और स्वास्थ्य प्रमाण जरूरी
यात्रा में शामिल होने के लिए वैध पहचान पत्र और स्वास्थ्य प्रमाण पत्र आवश्यक है। श्रद्धालु ऑनलाइन माध्यम से भी पंजीकरण कर सकते हैं। हर साल की तरह इस बार भी बड़ी संख्या में काशीवासी बाबा अमरनाथ के दर्शन के लिए रवाना होंगे। प्रशासन और यात्रा समिति की ओर से सभी तैयारियां तेज कर दी गई हैं, ताकि श्रद्धालुओं को सुरक्षित और सुगम यात्रा का अनुभव मिल सके।

