कैंट स्टेशन पर ट्रेन से बरामद हुए 24 कछुए, एक गिरफ्तार, अमेठी से पश्चिम बंगाल ले जा रहा था तस्कर
चार बैग में मिले छह बड़े और 18 छोटे कछुए, कुंभा एक्सप्रेस में चेकिंग के दौरान पकड़ा गया तस्कर
वाराणसी। कैंट रेलवे स्टेशन पर जीआरपी ने कछुओं की तस्करी के आरोप में एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। उसके पास से चार बैग में रखे छह बड़े और 18 छोटे कछुए बरामद किए गए। आरोपी इन कछुओं को अमेठी जनपद से पश्चिम बंगाल ले जा रहा था। बरामद कछुओं की प्रजाति और उनकी कीमत को लेकर जांच की जा रही है। पुलिस की इस कार्रवाई से रेलवे के रास्ते वन्यजीवों की तस्करी का मामला सामने आया है।

कैंट रेलवे स्टेशन पर नियमित चेकिंग के दौरान जीआरपी की टीम कुंभा एक्सप्रेस में जांच कर रही थी। इसी दौरान संदिग्ध परिस्थितियों में यात्रा कर रहे एक व्यक्ति की तलाशी ली गई। उसके सामान में चार बैग मिले। जांच करने पर बैगों से कुल 24 कछुए बरामद हुए। इनमें छह बड़े और 18 छोटे कछुए शामिल हैं। आरोपी अमेठी से कछुओं को लेकर पश्चिम बंगाल जा रहा था। पुलिस को आशंका है कि बरामद कछुए दुर्लभ प्रजाति के हो सकते हैं। इनकी बाजार में कीमत लाखों रुपये होने की बात सामने आई है, हालांकि वास्तविक कीमत और प्रजाति की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी। गिरफ्तार आरोपी की पहचान जगदीशपुर निवासी मोनू कंजड़ के रूप में हुई है।

जीआरपी कैंट के प्रभारी निरीक्षक राजौल नागर के नेतृत्व में मामले में कार्रवाई की गई। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है, ताकि कछुओं की तस्करी से जुड़े अन्य लोगों और इसके नेटवर्क के बारे में जानकारी जुटाई जा सके। साथ ही यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि कछुए कहां से प्राप्त किए गए थे और इन्हें पश्चिम बंगाल में किसे सौंपा जाना था।




