23 वर्ष की हुई शिवानी को पीएम केयर्स योजना से मिली 10 लाख की सहायता, डीएम ने सौंपा चेक, आगे की पढ़ाई और आत्मनिर्भर बनने के लिए किया प्रेरित

WhatsApp Channel Join Now

वाराणसी। जिलाधिकारी सत्येंद्र कुमार ने बुधवार को पीएम केयर्स फॉर चिल्ड्रेन योजना के तहत लाभार्थी शिवानी को 10 लाख रुपये का चेक सौंपा। शिवानी के 23 वर्ष की आयु पूर्ण करने पर यह वित्तीय सहायता उपलब्ध कराई गई। इस दौरान जिलाधिकारी ने उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए आगे की पढ़ाई और जीवन में सफलता हासिल करने के लिए प्रेरित किया।

डीएम ने निभाया अभिभावकत्व का दायित्व
पीएम केयर्स फॉर चिल्ड्रेन योजना के तहत आच्छादित बच्चों के लिए जिलाधिकारी को वैधानिक अभिभावक नामित किया गया है। इसी दायित्व का निर्वहन करते हुए डीएम सत्येंद्र कुमार ने शिवानी को सहायता राशि का चेक प्रदान किया। उन्होंने शिवानी को प्रोत्साहित करते हुए कहा कि वह अपनी पढ़ाई जारी रखें और जीवन में आत्मनिर्भर बनने की दिशा में आगे बढ़ें। जिलाधिकारी ने उनके सुखद एवं सफल भविष्य की कामना की।

शिक्षा और आत्मनिर्भरता के लिए मिलेगा संबल
चेक प्राप्त करने के बाद लाभार्थी शिवानी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और जिला प्रशासन के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि योजना के तहत मिली वित्तीय सहायता से उन्हें अपनी शिक्षा पूरी करने और आत्मनिर्भर बनने में काफी संबल मिलेगा। इस दौरान जिला प्रोबेशन अधिकारी पंकज कुमार मिश्र भी उपस्थित रहे।

Share this story