अन्नकूट पर बाबा को अर्पित हुआ 21 क्विंटल मिष्ठान का भोग, बाबा विश्वनाथ, मां गौरा और गणेश की चल-प्रतिमा की शोभायात्रा, शहनाई की मंगल ध्वनि के साथ गर्भगृह में विराजमान हुईं प्रतिमा
मध्याह्न भोग आरती के बाद श्रद्धालुओं में वितरित हुआ प्रसाद, अन्न की समृद्धि और प्रकृति के प्रति कृतज्ञता का दिया संदेश
बूंदी लड्डू, मेवा लड्डू सहित विविध पारंपरिक मिष्ठानों से हुआ बाबा का भव्य श्रृंगार, पुष्पों, दीपों और सुगंधित धूप से सजाया गया श्री काशी विश्वनाथ धाम
वाराणसी। अन्नकूट पर्व पर मंगलवार को श्री काशी विश्वनाथ धाम में आस्था और भक्ति का अद्भुत संगम देखने को मिला। कार्तिक शुक्ल प्रतिपदा के पावन अवसर पर बाबा विश्वनाथ का 21 क्विंटल विविध प्रकार की मिष्ठानों से भव्य श्रृंगार किया गया। बूंदी लड्डू, मेवा लड्डू सहित पारंपरिक मिठाइयों से सजे बाबा के दिव्य स्वरूप के दर्शन कर श्रद्धालु भावविभोर हो उठे। पूरे धाम परिसर को फूलों, दीपों और सुगंधित धूप से सजाया गया था। इससे वातावरण भक्तिमय हो उठा।

अन्नकूट महोत्सव के अवसर पर भगवान श्री विश्वनाथ, माता गौरी और गणेश जी की पंचबदन रजत चल-प्रतिमा की भव्य शोभायात्रा टेढ़ीनीम स्थित महंत परिवार के आवास से निकाली गई। शहनाई और डमरू की मंगल ध्वनि के बीच निकली शोभायात्रा में श्रद्धालु हर-हर महादेव का जयघोष करते हुए आगे बढ़े। शोभायात्रा के गर्भगृह पहुंचने पर विधि-विधान के साथ प्रतिमाओं को विराजमान कराया गया।

इसके बाद गर्भगृह में श्री विश्वनाथ जी की मध्याह्न भोग आरती संपन्न हुई। इस दौरान बाबा को विभिन्न प्रकार के पकवान और मिष्ठानों का भोग अर्पित किया गया। भोग आरती के उपरांत श्रद्धालुओं के बीच प्रसाद वितरित किया गया। भक्तों ने प्रसाद ग्रहण कर बाबा से सुख, समृद्धि, स्वास्थ्य और शांति की कामना की।

अन्नकूट पर्व भगवान श्रीकृष्ण द्वारा गोवर्धन पर्वत की पूजा की परंपरा से जुड़ा है। यह पर्व अन्न की महत्ता, उसकी समृद्धि, सुरक्षा और प्रकृति के प्रति कृतज्ञता का प्रतीक माना जाता है। धार्मिक मान्यता के साथ ही यह पर्व सामाजिक समरसता, सहयोग, दान और विश्व बंधुत्व की भावना को भी मजबूत करता है। श्री काशी विश्वनाथ धाम में आयोजित महोत्सव ने श्रद्धालुओं को सनातन परंपरा और आध्यात्मिक मूल्यों से जुड़ने का संदेश दिया।


