कान में दर्द से पायलट ने उड़ान से किया इनकार, 178 यात्री साढ़े पांच घंटे रहे परेशान, दिल्ली से आया दूसरा पायलट
वाराणसी। लाल बहादुर शास्त्री अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट से बंगलूरू जाने वाली इंडिगो की उड़ान सोमवार को पायलट की तबीयत अचानक खराब होने से प्रभावित हो गई। उड़ान संख्या 6ई-6559 के पायलट ने कान में तेज दर्द और घबराहट की शिकायत के बाद विमान उड़ाने से इन्कार कर दिया। उस समय विमान में 178 यात्री सवार हो चुके थे। अचानक पायलट के उड़ान भरने से मना करने पर यात्रियों में नाराजगी फैल गई और कुछ यात्रियों की एयरलाइंस कर्मियों से नोकझोंक भी हुई।
उड़ान को सुबह 11:55 बजे वाराणसी से बंगलूरू के लिए रवाना होना था। बोर्डिंग की प्रक्रिया पूरी होने के बाद यात्रियों ने सिक्योरिटी होल्डिंग एरिया से जांच की सभी औपचारिकताएं पूरी कीं और विमान में सवार हो गए। इसी दौरान पायलट ने स्वास्थ्य संबंधी परेशानी की जानकारी देते हुए उड़ान भरने में असमर्थता जताई।
विमान से उतारकर टर्मिनल में बैठाए गए यात्री
पायलट के अनफिट होने की जानकारी के बाद सभी यात्रियों को विमान से डी-बोर्ड कराकर टर्मिनल भवन में बैठाया गया। स्थिति को देखते हुए सीआईएसएफ की क्यूआरटी और अन्य अधिकारी भी मौके पर पहुंचे। एयरलाइंस की ओर से तत्काल दूसरे पायलट की व्यवस्था शुरू की गई। इसके लिए आधिकारिक व्हॉट्सएप ग्रुप के माध्यम से पायलट की मांग की गई।
कुछ देर बाद दिल्ली से दूसरे विमान के जरिए पायलट वाराणसी पहुंचा। आवश्यक औपचारिकताएं पूरी होने और अनुमति मिलने के बाद उड़ान को रवाना किया गया। करीब साढ़े पांच घंटे की देरी के बाद शाम पांच बजे विमान बंगलूरू के लिए उड़ान भर सका।
मेडिकल जांच में पायलट अनफिट
इंडिगो के कर्मचारियों के अनुसार पायलट शुरुआत में उड़ान के लिए तैयार था, लेकिन अचानक उसके कान में दर्द और घबराहट होने लगी। पायलट ने तत्काल इसकी सूचना अधिकारियों को दी। इसके बाद मेडिकल टीम ने उसकी जांच की और उसे उड़ान के लिए अनफिट बताया। यात्रियों को गंतव्य तक पहुंचाने के लिए दूसरे पायलट की व्यवस्था की गई।
पांच दिन में दूसरी बार प्रभावित हुई उड़ान
एयरपोर्ट पर इसी महीने पायलट की स्वास्थ्य संबंधी समस्या के कारण इंडिगो की उड़ान प्रभावित होने की यह दूसरी घटना है। 10 सितंबर को वाराणसी-मुंबई उड़ान संख्या 6ई-6544 भी पायलट के ड्यूटी से इन्कार करने के कारण प्रभावित हुई थी। उस समय अहमदाबाद से दूसरे पायलट को वाराणसी बुलाया गया था और करीब चार घंटे की देरी के बाद विमान मुंबई रवाना हुआ था।
इंडिगो के प्रभारी स्टेशन हेड सोनू कुमार ने बताया कि पायलट की तबीयत अचानक खराब होने और मेडिकल जांच में अनफिट पाए जाने के बाद दूसरे पायलट की व्यवस्था करने में समय लगा। इसके बाद सभी यात्रियों को उसी विमान से बंगलूरू भेज दिया गया।

