वाराणसी में 16 वर्षीय किशोरी से दुष्कर्म का आरोप, नाबालिग आरोपी को पुलिस ने संरक्षण में लिया
वाराणसी। शिवपुर थाना क्षेत्र में 16 वर्षीय किशोरी को शादी का झांसा देकर दुष्कर्म करने के मामले में पुलिस ने एक नाबालिग आरोपी को संरक्षण में लिया है। आरोपी पर किशोरी के अश्लील वीडियो और चैट तैयार करने तथा विरोध करने पर उन्हें सोशल मीडिया पर वायरल करने की धमकी देने का भी आरोप है। शिवपुर पुलिस मामले में आगे की विधिक कार्रवाई कर रही है।
पुलिस के मुताबिक, 13 सितंबर को किशोरी की मां ने शिवपुर थाने में तहरीर दी थी। आरोप लगाया कि उनकी 16 वर्षीय बेटी को आरोपी ने शादी का झांसा देकर लगातार बहला-फुसलाया और उसके साथ शारीरिक संबंध बनाए। इस दौरान अश्लील वीडियो और चैट भी बनाई गई। किशोरी के विरोध करने पर फोटो-वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल करने की धमकी दी गई। शिकायत में गाली-गलौज और मारपीट का भी आरोप लगाया गया है।
बैरीडीह तिराहे के पास मिला आरोपी
शिकायत के आधार पर शिवपुर पुलिस ने बीएनएस और पॉक्सो एक्ट की संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की। पुलिस टीम ने 14 सितंबर की शाम करीब 5:40 बजे बैरीडीह तिराहा (कादीपुर) स्थित शिवम ज्वेलर्स के पास से नाबालिग आरोपी को पुलिस संरक्षण में लिया।
मामले की विवेचना वरिष्ठ उपनिरीक्षक विनोद कुमार मिश्रा कर रहे हैं। कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम में वरिष्ठ उपनिरीक्षक विनोद कुमार मिश्रा, उपनिरीक्षक अमित सिंह और कांस्टेबल आलोक कुमार शर्मा शामिल रहे।

