वाराणसी में एक साल में 160 आत्महत्या, डिप्रेशन के सबसे अधिक मामले, महिलाओं की तुलना में अधिक पुरुषों ने दे दी जान 

WhatsApp Channel Join Now

वाराणसी। भागदौड़ भरी जिंदगी, अव्यवस्थित दिनचर्या और मानसिक तनाव न सिर्फ लोगों को बीमार बना रहा, बल्कि जीवन के लिए भी काल बन रहा है। इसके नतीजे खुदकुशी के रूप में सामने आ रहे हैं। कमिश्नरेट पुलिस की ओर से जारी किए गए आंकड़ों के अनुसार वर्ष 2022 में वाराणसी में 160 लोगों ने अपनी जान दे दी। इसमें सर्वाधिक 116 मामले डिप्रेशन के कारण हुई आत्महत्या के हैं। महिलाओं की तुलना में अधिक पुरुषों ने जिंदगी से जूझते हुए अपनी जान दे दी। 


वर्ष 2022 में जनवरी माह में 13 लोगों ने आत्महत्या की। इसी प्रकार फरवरी में नौ, मार्च 23, अप्रैल 20, मई 12, जून 10, जुलाई 14, अगस्त 12, सितंबर 15, अक्टूबर सात, नवंबर 12 और दिसंबर में 13 लोगों ने खुदकुशी की। कुल 160 लोगों ने आत्महत्या की। पुलिस के आंकड़ों के अनुसार इसमें सबसे अधिक आत्महत्या डिप्रेशन के कारण हुईं। उसमें भी पुरुषों का आंकड़ा काफी अधिक है। अवसाद की वजह से कुल ११६ लोगों ने जान दे दी। इसमें 86 पुरुष, 23 महिला, एक बालक, छह बालिकाएं शामिल रहीं। पारिवारिक विवाद के चलते सात पुरुषों, सात महिलाओं और एक बालिका ने खुदकुशी कर ली। 


प्रेम प्रसंग के चलते दस आत्महत्या हुई। पांच पुरुषों, दो महिलाओं, दो बालक और एक बालिका ने जान दी। इसी प्रकार आर्थिक तंगी की वजह से आठ लोगों ने खुदकुशी की। पांच पुरुषों व तीन महिलाओं ने जान दे दी। अन्य कारणों से भी आठ पुरुषों, एक महिला, एक बालक, एक बालिका ने अपनी इहलीला समाप्त कर ली। पुलिस के अनुसार पिछले साल जनवरी से लेकर दिसंबर तक 111 पुरुषों, 36 महिलाओं, चार बालक, नौ बालिकाओं ने खुदकुशी की।
 

Share this story