शहर में बनेंगे 15 मॉडर्न बस क्यू शेल्टर, ईवी चार्जिंग समेत मिलेंगी अत्याधुनिक सुविधाएं
शेल्टर में लगेंगे स्मार्ट एलईडी डिस्प्ले, वाई-फाई, मोबाइल चार्जिंग
सीसीटीवी से निगरानी, बैठने की बेहतर व्यवस्था होगी उपलब्ध
सौर ऊर्जा से लैस होंगे अत्याधुनिक क्यू बस शेल्टर
यात्री सुविधाओं को विकसित करने के लिए नगर निगम की पहल
वाराणसी। शहर की सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था को आधुनिक बनाने की दिशा में नगर निगम जल्द ही 15 मॉडर्न बस क्यू शेल्टर (पैसेंजर फैसिलिटी सेंटर एवं बस स्टॉप) का निर्माण कराएगा। आकर्षक डिजाइन से तैयार होने वाले ये बस स्टॉप केवल यात्रियों के इंतजार का स्थान नहीं होंगे, बल्कि सुरक्षित, सुविधाजनक और स्मार्ट सार्वजनिक सुविधा केंद्र के रूप में विकसित किए जाएंगे।
नगर आयुक्त अक्षत वर्मा ने बताया कि इन आधुनिक बस क्यू शेल्टरों में यात्रियों की सुविधा के लिए स्मार्ट एलईडी डिस्प्ले, आरामदायक बैठने की व्यवस्था, मोबाइल चार्जिंग प्वाइंट, ईवी चार्जिंग स्टेशन, निःशुल्क वाई-फाई और सीसीटीवी कैमरे जैसी अत्याधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। इसके अलावा प्रत्येक बस स्टॉप पर यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए सीसीटीवी निगरानी की व्यवस्था रहेगी।
उन्होंने बताया कि ऊर्जा की आवश्यकता को पूरा करने के लिए इन बस शेल्टरों में सौर ऊर्जा का उपयोग किया जाएगा। साथ ही जनजागरूकता और सूचना प्रसार के उद्देश्य से डिजिटल विज्ञापन पैनल भी लगाए जाएंगे।
इन स्थानों पर प्रस्तावित हैं मॉडर्न बस क्यू शेल्टर
• इंग्लिशिया लाइन (काशी विद्यापीठ गेट संख्या-2)
• कचहरी तिराहा (अंबेडकर चौराहे के पास)
• बस अड्डे के सामने (लहरतारा चौकाघाट फ्लाईओवर के नीचे)
• आचार्य रामचंद्र शुक्ल क्रॉसिंग
• रविंद्रपुरी
• मैदागिन क्रॉसिंग (टाउन हॉल के पास)
• भेलूपुर (जलकल कार्यालय के पास)
• हवेलिया चौराहा सारनाथ चौराह
• रामनगर (डोमरी रोड)
• बनारस स्टेशन रोड
• नमो घाट रोड (पुलिस चौकी के पास)
• टीएफसी के सामने (बड़ा लालपुर)
• फातमान रोड
• रथयात्रा-कमच्छा रोड
• सिगरा (स्मार्ट सिटी कार्यालय के पास)
नगर निगम का मानना है कि इन आधुनिक बस क्यू शेल्टरों के निर्माण से यात्रियों को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी, सार्वजनिक परिवहन को बढ़ावा मिलेगा और शहर की स्मार्ट सिटी अवधारणा को भी मजबूती मिलेगी।

