ओटीएस का पहले दिन ही दिखा असर,122 भवन स्वामियों ने जमा किए 18.37 लाख रुपये
3.80 लाख रुपये सरचार्ज हुआ माफ, 15 दिसंबर तक चलेगी एकमुश्त समाधान योजना, एक लाख तक बकाये पर किस्तों में भुगतान की सुविधा
वाराणसी। नगर निगम वाराणसी की ओर से गृहकर, जलकर और सीवरकर के बकायेदारों को राहत देने के लिए लागू की गई एकमुश्त समाधान योजना (ओटीएस) का पहले ही दिन असर दिखाई दिया। योजना के तहत 122 भवन स्वामियों ने अपने बकाये का भुगतान करते हुए कुल 18.37 लाख रुपये नगर निगम में जमा किए। इन करदाताओं को 3.80 लाख रुपये के सरचार्ज की पूरी माफी का लाभ मिला।
शासन के निर्देश पर नगर निगम ने बकायेदार भवन स्वामियों को राहत देने के उद्देश्य से ओटीएस योजना लागू की है। योजना 15 अगस्त से शुरू होकर 15 दिसंबर तक प्रभावी रहेगी। इसके तहत मूल बकाया राशि का एकमुश्त भुगतान करने पर उस पर लगाया गया ब्याज और सरचार्ज पूरी तरह माफ किया जाएगा। नगर निगम ने अधिक से अधिक बकायेदारों से योजना का लाभ उठाकर अपने कर संबंधी बकाये का निस्तारण करने की अपील की है।
एक लाख तक के बकाये पर तीन किस्तों की सुविधा
योजना में छोटे और मध्यम करदाताओं को अतिरिक्त राहत दी गई है। एक लाख रुपये तक के बकाये वाले भवन स्वामी पूरी राशि एक साथ जमा करने के बजाय किस्तों में भी भुगतान कर सकेंगे। इसके तहत कुल बकाये का एक-तिहाई हिस्सा शुरुआती 30 दिनों के भीतर जमा करना होगा। शेष दो-तिहाई राशि का भुगतान अगली दो समान मासिक किस्तों में किया जा सकेगा।
नगर निगम का मानना है कि किस्तों में भुगतान की सुविधा से उन करदाताओं को राहत मिलेगी, जिनके लिए एकमुश्त बड़ी राशि जमा करना मुश्किल है। इससे आम नागरिकों पर तत्काल वित्तीय बोझ कम होगा और नगर निगम को भी लंबे समय से लंबित कर बकाये की वसूली में मदद मिलेगी। नगर निगम प्रशासन ने भवन स्वामियों से अपील की है कि वे निर्धारित अवधि के भीतर ओटीएस का लाभ उठाकर गृहकर, जलकर और सीवरकर के बकाये का निस्तारण करें। अधिकारियों के अनुसार योजना के माध्यम से बकायेदारों को सरचार्ज में राहत के साथ अपने कर संबंधी दायित्वों को पूरा करने का अवसर मिल रहा है।

