एयर शो के लिए अभेद्य सुरक्षा : 12 हजार पुलिसकर्मी संभालेंगे सुरक्षा की कमान, 500 इनक्लोजर में बंटा गंगा का किनारा, बंद रहेगा नावों का संचालन, ड्रोन पर पाबंदी
वाराणसी। काशी में 22, 24 और 25 अक्टूबर को आयोजित होने वाले भव्य एयर शो को लेकर सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद की जा रही है। करीब 20 लाख दर्शकों के पहुंचने की संभावना को देखते हुए पुलिस प्रशासन ने व्यापक इंतजाम किए हैं। पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल के मुताबिक, एयर शो के दौरान सुरक्षा और यातायात व्यवस्था संभालने के लिए करीब 12 हजार पुलिसकर्मी तैनात रहेंगे। बुधवार, 21 अक्टूबर को एयर शो की फुल रिहर्सल के दौरान भी व्यवस्थाओं को परखा गया।
500 इनक्लोजर में बंटा क्षेत्र
पुलिस आयुक्त ने बताया कि आयोजन क्षेत्र को 500 इनक्लोजर में बांटा गया है। प्रत्येक इनक्लोजर में लगभग चार हजार लोगों के खड़े होने की क्षमता निर्धारित की गई है। हर इनक्लोजर में एक एसएचओ के साथ महिला और पुरुष पुलिसकर्मियों की तैनाती रहेगी। इसका उद्देश्य भीड़ को नियंत्रित करने, लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करने और किसी भी आपात स्थिति में त्वरित कार्रवाई करना है।
घाट से एक किलोमीटर के अंदर पार्किंग
दर्शकों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए यातायात और पार्किंग की व्यवस्था इस तरह बनाई जा रही है कि लोगों को आयोजन स्थल तक पहुंचने के लिए कम से कम पैदल चलना पड़े। घाटों से एक किलोमीटर के दायरे में पार्किंग की व्यवस्था की गई है। पार्किंग स्थल से आगे वाहनों को ले जाने की अनुमति नहीं होगी। वहां से दर्शकों को पैदल ही निर्धारित स्थानों तक जाना पड़ेगा।
नौका संचालन बंद, ड्रोन पर पाबंदी
एयर शो के दौरान दिन में गंगा में नावों का संचालन बंद रहेगा। साथ ही ड्रोन उड़ाने पर भी प्रतिबंध रहेगा। पुलिस आयुक्त ने स्पष्ट किया कि शहर के अंदर सामान्य यातायात चलता रहेगा, लेकिन घाटों के आसपास जरूरत के अनुसार प्रतिबंध लागू रहेंगे। पुलिस प्रशासन का जोर भीड़ प्रबंधन, सुगम आवागमन और सुरक्षा व्यवस्था के बीच बेहतर समन्वय बनाए रखने पर है, ताकि बड़ी संख्या में पहुंचने वाले दर्शक सुरक्षित तरीके से एयर शो का आनंद ले सकें।

