केंद्र सरकार के 12 वर्ष: विकास, सुशासन और जनकल्याण पर मंथन, पीआईबी की ‘वार्तालाप’ कार्यशाला, राज्यमंत्री और मेयर ने गिनाई उपलब्धियां 

WhatsApp Channel Join Now

वाराणसी। केंद्र सरकार के 12 वर्षों की विकास यात्रा, सुशासन, जनकल्याणकारी योजनाओं और समावेशी विकास के विभिन्न आयामों को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से पत्र सूचना कार्यालय (पीआईबी), की ओर से शुक्रवार को सर्किट हाउस में ‘वार्तालाप’ मीडिया कार्यशाला का आयोजन किया गया। डेवलपमेंट कम्युनिकेशन एंड इन्फॉर्मेशन डिसेमिनेशन (डीसीआईडी) पहल के तहत आयोजित इस कार्यक्रम में प्रिंट, इलेक्ट्रॉनिक, डिजिटल और सोशल मीडिया से जुड़े बड़ी संख्या में पत्रकारों एवं मीडिया प्रतिनिधियों ने भाग लिया।

123

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि उत्तर प्रदेश सरकार के स्टाम्प एवं न्यायालय शुल्क तथा पंजीयन विभाग के राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) रविंद्र जायसवाल और विशिष्ट अतिथि वाराणसी के महापौर अशोक कुमार तिवारी रहे। दोनों अतिथियों ने केंद्र सरकार के पिछले 12 वर्षों के कार्यकाल के दौरान विभिन्न क्षेत्रों में हुए विकास कार्यों और जनहितकारी योजनाओं की उपलब्धियों पर विस्तार से प्रकाश डाला।

मंत्री रविंद्र जायसवाल ने कहा कि वर्ष 2014 के बाद देश ने विकास की नई गति प्राप्त की है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत ने आर्थिक, सामाजिक और आधारभूत संरचना के क्षेत्र में उल्लेखनीय प्रगति की है। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार की विभिन्न योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति तक पहुंचाने का प्रयास किया गया है, जिससे गरीब, वंचित और जरूरतमंद वर्गों के जीवन में सकारात्मक परिवर्तन आया है। उन्होंने यह भी कहा कि भारत आज वैश्विक स्तर पर एक मजबूत और प्रभावशाली राष्ट्र के रूप में अपनी पहचान बना रहा है।

महापौर अशोक तिवारी ने कहा कि सुशासन और जनकल्याण को केंद्र में रखकर सरकार ने अनेक योजनाओं को धरातल पर उतारा है। इन योजनाओं का लाभ आम नागरिकों तक पहुंचाने के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि विकास की यह यात्रा केवल आंकड़ों तक सीमित नहीं है, बल्कि इसका प्रभाव लोगों के जीवन स्तर में सुधार के रूप में दिखाई दे रहा है।

कार्यशाला में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में संचालित प्रमुख योजनाओं, नीतिगत सुधारों, डिजिटल इंडिया, महिला सशक्तिकरण, किसान कल्याण, युवाओं के लिए रोजगार और अवसर सृजन, आधारभूत संरचना विकास तथा ‘विकसित भारत’ के संकल्प से जुड़े विषयों पर विस्तृत प्रस्तुतीकरण दिया गया।

पत्र सूचना ब्यूरो के संयुक्त निदेशक दिलीप शुक्ला ने कहा कि विकासपरक योजनाओं और जनहितकारी कार्यक्रमों की जानकारी आमजन तक पहुंचाने में मीडिया की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। कार्यशाला के दौरान मीडिया प्रतिनिधियों के साथ संवाद स्थापित कर विकास संदेशों के प्रभावी प्रसार के विभिन्न पहलुओं पर विचार-विमर्श किया गया।

कार्यक्रम का समापन धन्यवाद ज्ञापन के साथ हुआ। उपस्थित पत्रकारों और मीडिया प्रतिनिधियों ने इस पहल को सरकार और समाज के बीच संवाद को और अधिक सशक्त बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम बताया।

Share this story