सावन में मांस-मछली बिक्री पर नगर निगम सख्त, अवलेशपुर में 12 दुकानें ध्वस्त, आठ जालियां जब्त

WhatsApp Channel Join Now

वाराणसी। सावन माह के दौरान नगर क्षेत्र में मांस, मछली और मुर्गे की दुकानों के संचालन पर लगाए गए प्रतिबंध का पालन कराने के लिए नगर निगम प्रशासन ने अभियान तेज कर दिया है। धार्मिक भावनाओं और जनभावनाओं को ध्यान में रखते हुए लागू किए गए नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ शनिवार को नगर निगम की टीम ने विभिन्न इलाकों में कार्रवाई की। इसी क्रम में अवलेशपुर क्षेत्र में अवैध रूप से संचालित 12 दुकानों को जेसीबी से ध्वस्त कर दिया गया, जबकि मौके से आठ जालियां भी जब्त की गईं।

123

नगर निगम के अनुसार, नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल के निर्देश पर पशु विभाग और प्रवर्तन टीम ने चितईपुर थानाध्यक्ष और पुलिस बल के सहयोग से अवलेशपुर क्षेत्र में अभियान चलाया। टीम ने प्रतिबंध के बावजूद संचालित हो रही दुकानों को चिन्हित कर कार्रवाई की। जेसीबी की मदद से 12 दुकानों को मौके पर ही ध्वस्त किया गया। साथ ही दुकानों में इस्तेमाल की जा रही आठ जालियां भी जब्त कर ली गईं।

123

अचानक हुई कार्रवाई से क्षेत्र में कुछ देर के लिए हड़कंप की स्थिति बनी रही। निगम अधिकारियों ने दुकानदारों को स्पष्ट रूप से निर्देशित किया कि सावन माह में लागू प्रतिबंधों का हर हाल में पालन करें और प्रतिबंधित गतिविधियों का संचालन न करें। नगर निगम की टीम ने अवलेशपुर के अलावा शहर के अन्य संवेदनशील क्षेत्रों और प्रमुख बाजारों में भी औचक निरीक्षण किया। अधिकारियों ने दुकानदारों को नियमों की जानकारी देने के साथ ही प्रतिबंधित अवधि में मांस, मछली और मुर्गे की बिक्री नहीं करने की हिदायत दी।

123

पशु चिकित्सा एवं कल्याण अधिकारी डॉ. विजय अमृतराज ने बताया कि नगर निगम का अभियान आने वाले दिनों में भी लगातार जारी रहेगा। शहर के अलग-अलग वार्डों और मुख्य बाजारों में औचक निरीक्षण कर नियमों के पालन की स्थिति देखी जाएगी। उन्होंने कहा कि प्रतिबंध के दौरान किसी भी प्रकार का उल्लंघन पाए जाने पर संबंधित दुकानदार के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

उन्होंने दुकानदारों को चेतावनी दी कि दोबारा नियमों का उल्लंघन करते हुए पकड़े जाने पर केवल दुकान हटाने तक कार्रवाई सीमित नहीं रहेगी, बल्कि भारी जुर्माना लगाने के साथ आवश्यक कानूनी कार्रवाई भी की जाएगी। नगर निगम प्रशासन ने लोगों से भी अपील की है कि सावन माह के दौरान लागू दिशा-निर्देशों का पालन करें और प्रतिबंधित गतिविधियों की जानकारी मिलने पर संबंधित अधिकारियों को सूचित करें। निगम अधिकारियों के मुताबिक अभियान का उद्देश्य शहर में निर्धारित नियमों का प्रभावी अनुपालन सुनिश्चित करना है।

Share this story