सेवापुरी के गांव में 11 लोगों ने अपनाई सनातन परंपरा, धार्मिक अनुष्ठान के बीच हुआ कार्यक्रम

WhatsApp Channel Join Now

वाराणसी। सेवापुरी विकास खंड के बाराडीह भुसौला गांव में एक धार्मिक आयोजन के दौरान तीन परिवारों के कुल 11 सदस्यों द्वारा सनातन परंपरा अपनाने का मामला सामने आया है। यह कार्यक्रम धर्म जागरण मंच काशी जिला के तत्वावधान में भुसौवला पेट्रोल पंप के पास आयोजित किया गया, जहां वैदिक रीति-रिवाजों के अनुसार पूरे विधि-विधान से अनुष्ठान संपन्न कराया गया।

कार्यक्रम के दौरान संबंधित परिवारों ने यज्ञ, हवन और पूजन किया। इसके बाद तिलक-चंदन लगाया गया और कलावा बांधकर उन्होंने सनातन धर्म को अपनाने की घोषणा की। आयोजन में मौजूद लोगों का कहना है कि सभी धार्मिक क्रियाएं पारंपरिक विधियों के अनुरूप कराई गईं और पूरे कार्यक्रम के दौरान शांति व अनुशासन बनाए रखा गया।

धर्म परिवर्तन करने वाले सभी लोग नट बिरादरी से जुड़े बताए जा रहे हैं। इनमें सफी नट, मुख्तार और वकील के परिवार के सदस्य शामिल हैं। कुल 11 लोगों ने सामूहिक रूप से न केवल सनातन परंपरा अपनाई, बल्कि अपने नए नाम भी रखे। आयोजन से जुड़े लोगों के अनुसार, यह निर्णय उन्होंने अपनी आस्था और परंपराओं के अनुरूप स्वयं लिया है।

परिवारों के सदस्यों ने बताया कि उनके पूर्वजों ने लगभग चार पीढ़ी पहले इस्लाम धर्म स्वीकार किया था। उनका कहना है कि वे स्वयं को भगवान नटराज का उपासक मानते हैं और अब उसी आस्था के अनुरूप जीवन जीने का संकल्प लिया है। उन्होंने आगे भी सनातन परंपराओं के अनुसार पूजा-पाठ और धार्मिक अनुष्ठान करने की बात कही।

इस अवसर पर धर्म जागरण मंच के संयोजक प्रदीप के साथ रामाश्रय, संतोष, आनंद समेत अन्य कार्यकर्ता भी मौजूद रहे। कार्यक्रम के दौरान सभी अनुष्ठान शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न कराए गए और किसी प्रकार की अव्यवस्था नहीं हुई। इसको लेकर स्थानीय स्तर पर विभिन्न प्रकार की चर्चाएं हो रही हैं। हालांकि प्रशासन की ओर से अब तक इस संबंध में कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है। क्षेत्रीय लोग इस घटना को अलग-अलग नजरिए से देख रहे हैं, लेकिन फिलहाल स्थिति सामान्य बताई जा रही है।

Share this story