मौसम की खराबी से 10 उड़ानें लेट, यात्रियों को हुई परेशानी
वाराणसी। मौसम की खराबी के कारण बाबतपुर स्थित लाल बहादुर शास्त्री अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर बुधवार को 10 उड़ानें देर से आईं और रवाना हुईं। इनमें शारजाह की दो अंतरराष्ट्रीय उड़ानें भी शामिल रहीं। खराब मौसम के चलते विमानों के संचालन पर असर पड़ा और यात्रियों को एयरपोर्ट पर इंतजार करना पड़ा।
शारजाह से वाराणसी और फिर शारजाह जाने वाली एयर इंडिया एक्सप्रेस की फ्लाइट करीब 51 मिनट की देरी से वाराणसी पहुंची। इसके बाद प्रस्थान करने वाली अगली उड़ान भी प्रभावित हुई। एयर इंडिया एक्सप्रेस की मुंबई-वाराणसी-मुंबई उड़ान करीब पांच घंटे आठ मिनट की देरी से रही।
इसी तरह अहमदाबाद-वाराणसी-अहमदाबाद उड़ान तीन घंटे 49 मिनट की देरी से चली। इंडिगो की दिल्ली-वाराणसी उड़ान 17 मिनट और एयर इंडिया एक्सप्रेस की दिल्ली-वाराणसी उड़ान करीब 50 मिनट की देरी से पहुंची। मौसम खराब होने से अन्य उड़ानों का संचालन भी प्रभावित रहा।
एयरपोर्ट अधिकारियों के अनुसार मौसम में सुधार के बाद उड़ानों का संचालन सामान्य करने का प्रयास किया गया। यात्रियों को भी उड़ानों की स्थिति की जानकारी लेते रहने की सलाह दी गई।

