वाराणसी में व्यवसायी की पीट-पीटकर हत्या, 8 नामजद व 7 अज्ञात पर मुकदमा, कार से महिला को धक्का लगने के बाद हुआ विवाद 

WhatsApp Channel Join Now

वाराणसी। फूलपुर थाना क्षेत्र के घमहापुर (भरथरा) गांव में एक मामूली विवाद ने हिंसक रूप ले लिया, जिसमें 38 वर्षीय व्यवसायी मनीष सिंह की पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। घटना से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है और परिवार में कोहराम मचा हुआ है। मृतक के परिजनों की तहरीर पर पुलिस ने 8 नामजद समेत अन्य पर मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस कई आरोपियों को गिरफ्तार कर पूछताछ कर रही है। घटना के बाद तनाव को देखते हुए भारी पुलिस बल की तैनाती की गई है। 

घमहापुर निवासी मनीष सिंह देर रात अपनी फैक्ट्री से घर लौट रहे थे। इसी दौरान उनकी कार से बिंदु नाम की एक महिला का एक्सीडेंट हो गया। हादसे में महिला गंभीर रूप से घायल हो गई, जिसे तत्काल पास के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसकी हालत चिंताजनक बताई जा रही है। इसी घटना के बाद विवाद ने तूल पकड़ लिया। बताया जा रहा है कि दुर्घटना के बाद कुछ स्थानीय लोग एकत्र हो गए और मामूली कहासुनी के बाद मामला हिंसक झड़प में बदल गया। आरोप है कि मनबढ़ युवकों ने लामबंद होकर मनीष सिंह पर हमला कर दिया और उन्हें बेरहमी से पीटा, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई।

घटना की सूचना मिलते ही फूलपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने मृतक के परिजनों की तहरीर के आधार पर 8 नामजद और 7 अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। एडीसीपी गोमती जोन नृपेंद्र सिंह ने बताया कि मामले में अब तक 2 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है, जबकि अन्य की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमें लगातार दबिश दे रही हैं। उन्होंने कहा कि दोषियों को जल्द ही गिरफ्तार कर सख्त कार्रवाई की जाएगी।

पुलिस ने इस मामले में 11 लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। फिलहाल गांव में तनाव का माहौल है, जिसे देखते हुए पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। प्रशासन ने लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की है।

Share this story