सब-जूनियर महिला हॉकी अकादमी चैंपियनशिप का आगाज, पहले दिन आरके रॉय अकादमी का दबदबा

WhatsApp Channel Join Now
सब-जूनियर महिला हॉकी अकादमी चैंपियनशिप का आगाज, पहले दिन आरके रॉय अकादमी का दबदबा


ग्वालियर, 26 जुलाई (हि.स.)। मध्य प्रदेश के ग्वालियर में रविवार से चौथी हॉकी इंडिया सब-जूनियर महिला अकादमी चैंपियनशिप-2026 (जोन-ए और बी) का आगाज हुआ। दिन में पूल-बी के दो मुकाबले खेले गए, जिनमें खालसा स्पोर्ट्स हॉकी अकादमी (कोलकाता) और राजा करण हॉकी अकादमी के बीच मुकाबला ड्रॉ रहा, जबकि आर.के. रॉय हॉकी अकादमी ने मुंबई स्कूल्स स्पोर्ट्स एसोसिएशन पर शानदार जीत दर्ज की।

पूल-बी के पहले मुकाबले में खालसा स्पोर्ट्स हॉकी अकादमी (कोलकाता) ने 47वें मिनट में सौमी माझी के फील्ड गोल की बदौलत बढ़त बनाई। हालांकि, राजा करण हॉकी अकादमी की ओर से रिया ने 51वें मिनट में बराबरी का गोल दागकर टीम को हार से बचा लिया। मुकाबला 1-1 की बराबरी पर समाप्त हुआ और दोनों टीमों ने अंक साझा किया।

दिन के दूसरे मुकाबले में आर.के. रॉय हॉकी अकादमी ने बेहतरीन खेल दिखाते हुए मुंबई स्कूल्स स्पोर्ट्स एसोसिएशन को 4-0 से शिकस्त दी। आरके रॉय हॉकी टीम की ओर से सोनाक्षी कुमारी ने 8वें और 33वें मिनट में दो गोल किए, जबकि कप्तान शिवानी कुमारी ने 27वें मिनट और कृतिका कुमारी ने 42वें मिनट में एक-एक गोल दागा।

टूर्नामेंट में अब 27 जुलाई को पूल-सी और पूल-डी के मुकाबले खेले जाएंगे, जिनमें विभिन्न अकादमियां अगले दौर में बढ़त बनाने के इरादे से मैदान में उतरेंगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / वीरेन्द्र सिंह

Share this story