यूपीएल के तीसरे सीजन का आगाज सोमवार को, देहरादून में फिर दिखेगा टी-20 का रोमांच

WhatsApp Channel Join Now
यूपीएल के तीसरे सीजन का आगाज सोमवार को, देहरादून में फिर दिखेगा टी-20 का रोमांच


देहरादून, 20 सितंबर (हि.स.)। उत्तराखंड की राजधानी देहरादून में एक बार फिर टी-20 क्रिकेट का खुमार चढ़ने वाला है। उत्तराखंड प्रीमियर लीग (यूपीएल) के तीसरे सीजन का आगाज सोमवार (21 सितंबर) से रायपुर स्थित राजीव गांधी इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में होने जा रहा है।

11 दिनों तक चलने वाले इस खेल महाकुंभ में राज्य के दिग्गज और युवा खिलाड़ी एक ही मंच पर अपना हुनर दिखाएंगे। टूर्नामेंट की शुरुआत सोमवार को महिला वर्ग के मुकाबलों के साथ होगी, जबकि पुरुष वर्ग के मैच 22 सितंबर से शुरू होंगे।

ओपनिंग सेरेमनी के साथ पहले दिन महिला वर्ग में दो मैच खेले जाएंगे। सुबह 11:00 बजे पिथौरागढ़ हरिकेन्स का सामना देहरादून वॉरियर्स से होगा, जबकि दोपहर 3:00 बजे बागेश्वर एरियल और मसूरी क्वींस की टीमें टकराएंगी। इसके बाद शाम को भव्य ओपनिंग सेरेमनी का आयोजन किया जाएगा, जिसमें बॉलीवुड अभिनेत्री वाणी कपूर अपनी प्रस्तुती देंगी। इसके साथ ही गढ़वाल से करिश्मा शाह व रुहान भारद्वाज, कुमाऊं से इंदर आर्य, जौनपुर से मंजू नौटियाल और जौनसार से अज्जू तोमर व अजय चौहान अपनी आवाज में स्थानीय लोक संगीत की छटा बिखेरेंगे।

ओपनिंग सेरेमनी से पहले क्रिकेट एसोसिएशन ऑफ उत्तराखंड (सीएयू) की सचिव किरण वर्मा ने एक बयान में कहा कि यूपीएल उत्तराखंड में क्रिकेट के लिए एक महत्वपूर्ण मंच बन चुका है और तीसरा सीजन इसी दिशा में एक और बड़ा कदम है। हमें विशेष रूप से खुशी है कि उद्घाटन समारोह क्रिकेट के साथ-साथ राज्य के प्रतिभाशाली कलाकारों को एक साथ लाएगा, जो उत्तराखंड की सच्ची भावना को दर्शाएगा।

भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड के पूर्व उपाध्यक्ष एवं सीएयू के पूर्व सचिव महीम वर्मा ने कहा कि यूपीएल ने उत्तराखंड के क्रिकेटरों को एक संरचित टी-20 माहौल में प्रतिस्पर्धा करने और बहुमूल्य अनुभव हासिल करने का अवसर दिया है। इसके साथ ही उद्घाटन समारोह हमें राज्य की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत का जश्न मनाने का मौका देता है। हमें उम्मीद है कि यह सीजन खिलाड़ियों और प्रशंसकों दोनों के लिए कई यादगार पल लेकर आएगा।

यूपीएल के चेयरपर्सन सुनील जोशी ने कहा, तीसरा सीजन उत्तराखंड प्रीमियर लीग के लिए एक और महत्वपूर्ण अध्याय प्रस्तुत करता है। अनुभवी खिलाड़ियों और युवा प्रतिभाओं का यह मेल बेहद प्रतिस्पर्धी क्रिकेट देखने को देगा, वहीं महिला और पुरुष दोनों वर्ग खिलाड़ियों को अपनी पहचान बनाने का मौका देंगे। हम टूर्नामेंट शुरू करने के लिए बेहद उत्साहित हैं और पूरे राज्य के क्रिकेट प्रेमियों से शानदार प्रतिक्रिया की उम्मीद कर रहे हैं।

महिला प्रतियोगिता में मसूरी क्वींस, बागेश्वर एरियल, पिथौरागढ़ हरिकेन्स और देहरादून वॉरियर्स की टीमें उतरेंगी, जिनकी कमान क्रमशः नंदिनी कश्यप, प्रेमा रावत, राघवी बिष्ट और श्वेता वर्मा जैसे आइकॉन खिलाड़ियों के हाथों में होगी। महिला वर्ग का फाइनल मुकाबला 24 सितंबर को खेला जाएगा।

पुरुष वर्ग की शुरुआत 22 सितंबर को शाम 7:30 बजे हरिद्वार एल्मास और नैनीताल टाइगर्स के बीच मुकाबले से होगी। इस सात टीमों की प्रतियोगिता में पिथौरागढ़ हरिकेन्स, यूएसएन इंडियंस, ऋषिकेश रिवर किंग्स, टिहरी टाइटन्स और देहरादून वॉरियर्स भी अपनी दावेदारी पेश करेंगी। पुरुष वर्ग का एलिमिनेटर मुकाबला 30 सितंबर को खेला जाएगा, जिसके बाद 01 अक्टूबर को खिताबी फाइनल के साथ यूपीएल 2026 का समापन होगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / वीरेन्द्र सिंह

Share this story