तीसरे दिन फुटबॉल के 11 मुकाबलों में दिखा रोमांच, गौतम बुद्ध विश्वविद्यालय की बड़ी जीत
कानपुर, 16 नवंबर (हि.स.)। सेंट्रल जोन अंतर-विश्वविद्यालयीय पुरुष फुटबॉल प्रतियोगिता में खिलाड़ियों ने शानदार खेल का प्रदर्शन किया। तीसरे दिन गौतम बुद्ध विश्वविद्यालय ने 8-0 और महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ ने 7-0 से बड़ी जीत दर्ज की, जबकि इलाहाबाद विश्वविद्यालय ने रोमांचक मुकाबले में लखनऊ विश्वविद्यालय को 5-3 से हराया। यह बातें रविवार को छत्रपति शिवाजी महाराज विश्वविद्यालय (सीएसजेएमयू) में प्रतियोगिता के तीसरे दिन के मुकाबलों के संपन्न होने पर सचिव खेल एवं आयोजन सचिव शुभम हजारिया ने कहीं।
सीएसजेएमयू में आयोजित प्रतियोगिता के तीसरे दिन निर्धारित सभी 11 मुकाबले संपन्न हुए। इनमें 10 मैच मैदान पर खेले गए, जबकि एक मुकाबले में वॉकओवर दिया गया। स्वामी विवेकानंद सुभारती विश्वविद्यालय ने माधव इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी एंड साइंस, ग्वालियर को 4-0 से हराया। बरकतुल्लाह विश्वविद्यालय, भोपाल ने अवधेश प्रताप सिंह विश्वविद्यालय, रीवा को 3-0 से शिकस्त दी। मेजर ध्यानचंद स्पोर्ट्स यूनिवर्सिटी, मेरठ की टीम के निर्धारित समय पर मैदान में नहीं पहुंचने पर मेडी-कैप्स विश्वविद्यालय को वॉकओवर मिला।
शुआट्स प्रयागराज ने राजा महेंद्र प्रताप सिंह विश्वविद्यालय, अलीगढ़ को 2-0 से हराया। महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ ने राजीव गांधी पी. विश्वविद्यालय को 7-0 से पराजित किया। वहीं, आईआईटी कानपुर के मैदान पर गलगोटिया विश्वविद्यालय ने एलएनसीटी विश्वविद्यालय, भोपाल को 7-0 से हराया। अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय ने जागरण लेकसिटी विश्वविद्यालय के खिलाफ 4-1 से जीत दर्ज की।
इलाहाबाद विश्वविद्यालय और लखनऊ विश्वविद्यालय के बीच कड़ा मुकाबला हुआ। दोनों टीमों ने आक्रामक खेल दिखाया, लेकिन इलाहाबाद विश्वविद्यालय ने 5-3 से जीत हासिल की। गौतम बुद्ध विश्वविद्यालय ने ख्वाजा मोइनुद्दीन चिश्ती भाषा विश्वविद्यालय को 8-0 से हराया। डॉ. हरिसिंह गौर विश्वविद्यालय ने क्रांतिवीर तात्या टोपे विश्वविद्यालय को 3-0 से शिकस्त दी। दिन के अंतिम मुकाबले में डॉ. राम मनोहर लोहिया अवध विश्वविद्यालय ने बनारस हिंदू विश्वविद्यालय (बीएचयू) को 2-1 से पराजित किया।
शुभम हजारिया ने कहा कि नॉकआउट प्रारूप में प्रत्येक मुकाबला महत्वपूर्ण होता है। खिलाड़ियों ने उत्साह, अनुशासन और खेल भावना के साथ प्रदर्शन किया है। आयोजन व्यवस्था और सभी टीमों के बेहतर समन्वय से तीसरे दिन के सभी मुकाबले सफलतापूर्वक संपन्न हुए। प्रतियोगिता में शामिल सभी टीमों को बेहतर प्रदर्शन के लिए आवश्यक सुविधाएं और अवसर उपलब्ध कराने का प्रयास किया जा रहा है।
शारीरिक शिक्षा एवं क्रीड़ा विभाग के विभागाध्यक्ष डॉ. प्रभाकर पांडेय ने कहा कि अंतर-विश्वविद्यालयीय प्रतियोगिताएं युवा खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखाने और उच्च स्तरीय प्रतिस्पर्धा का अनुभव प्राप्त करने का मंच प्रदान करती हैं। इन आयोजनों से खिलाड़ियों में अनुशासन, टीम भावना, नेतृत्व क्षमता और खेल कौशल का विकास होता है। उन्होंने आगामी मुकाबलों में भी खिलाड़ियों से इसी तरह के उत्साह और खेल भावना की उम्मीद जताई।
हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप

