कानपुर : पावरलिफ्टिंग चैंपियनशिप में 300 खिलाड़ियों ने दिखाया दम : सौरभ गौड़

WhatsApp Channel Join Now
कानपुर : पावरलिफ्टिंग चैंपियनशिप में 300 खिलाड़ियों ने दिखाया दम : सौरभ गौड़


कानपुर, 05 अप्रैल (हि.स.)। पावरलिफ्टिंग को लेकर खिलाड़ियों में जबरदस्त उत्साह देखने को मिल रहा है। दो दिवसीय जिला स्तरीय प्रतियोगिता में बड़ी संख्या में युवक-युवतियों ने हिस्सा लिया। बेहतर प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को राज्य और राष्ट्रीय स्तर तक पहुंचने का मौका मिलेगा। प्रतियोगिता युवाओं के लिए प्रतिभा दिखाने का बड़ा मंच बन रही है। “जिला स्तर पर जीत हासिल करने वाले खिलाड़ी राज्य और फिर नेशनल चैंपियनशिप में भाग लेंगे और उन्हें आगे बढ़ने का पूरा अवसर मिलेगा,” यह बातें रविवार को संस्था के सचिव सौरभ गौड़ ने कही।

कानपुर पावरलिफ्टिंग एसोसिएशन के तत्वावधान में आयोजित कानपुर मंडलीय पावरलिफ्टिंग, ओपन बेंच प्रेस एवं द्वितीय इंटर स्कूल बेंच प्रेस चैंपियनशिप (पुरुष/महिला) का आयोजन सेठ मोतीलाल खेड़िया सनातन धर्म इंटर कॉलेज, विष्णुपुरी नवाबगंज में किया गया। प्रतियोगिता के दूसरे दिन ओपन डेडलिफ्ट चैंपियनशिप का भव्य उद्घाटन उत्तर प्रदेश पावरलिफ्टिंग एसोसिएशन के सचिव राहुल शुक्ला, कानपुर पावरलिफ्टिंग संघ के सचिव सौरभ गौड़ समेत अन्य लोगों की उपस्थिति में हुआ।

इस जिला स्तरीय प्रतियोगिता में करीब 300 खिलाड़ियों ने भाग लिया। आयोजकों के अनुसार प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को राज्यस्तरीय प्रतियोगिता में भेजा जाएगा, जहां से चयनित खिलाड़ी उदयपुर में आयोजित नेशनल चैंपियनशिप में प्रतिभाग करेंगे।

प्रतिभागी दृश्मा पटेल ने कहा कि इस तरह की प्रतियोगिताएं हमें खुद को साबित करने का मौका देती हैं। यहां अच्छा प्रदर्शन करने से आगे बढ़ने का रास्ता खुलता है और हम अपने लक्ष्य के और करीब पहुंचते हैं।

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप

Share this story