युवराज सिंह ने दिल्ली कैपिटल्स के लिए तय किया लक्ष्य, बोले- ‘हम चैंपियन बनने आए हैं’

WhatsApp Channel Join Now
युवराज सिंह ने दिल्ली कैपिटल्स के लिए तय किया लक्ष्य, बोले- ‘हम चैंपियन बनने आए हैं’


नई दिल्ली, 14 अक्टूबर (हि.स.)। भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व दिग्गज ऑलराउंडर युवराज सिंह ने इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) 2027 में दिल्ली कैपिटल्स को चैंपियन बनाने का लक्ष्य रखा है। टीम के सहायक और बल्लेबाजी कोच की जिम्मेदारी संभालने जा रहे युवराज ने कहा कि उनका उद्देश्य खिलाड़ियों में आत्मविश्वास जगाना, दबाव में बेहतर प्रदर्शन करने के लिए तैयार करना और टीम में जीत की संस्कृति विकसित करना है।

आईपीएल में पहली बार औपचारिक कोचिंग की भूमिका निभाने जा रहे युवराज दिल्ली कैपिटल्स के मुख्य कोच सौरव गांगुली के साथ काम करेंगे। युवराज ने गांगुली की कप्तानी में ही अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में पदार्पण किया था। अब दोनों एक बार फिर भारतीय क्रिकेट की इस चर्चित जोड़ी के रूप में नई जिम्मेदारी संभालेंगे।

युवराज ने बताया कि गांगुली ने उनसे सहायक की भूमिका निभाने के बारे में पूछा था। उन्होंने मजाकिया अंदाज में कहा कि वह पिछले 25 वर्षों से गांगुली के सहायक की तरह ही काम करते आ रहे हैं। युवराज के मुताबिक, वह पिछले तीन-चार वर्षों से इस अवसर के लिए खुद को तैयार कर रहे थे। इस दौरान उन्होंने व्यक्तिगत तौर पर खिलाड़ियों के साथ काम किया, लेकिन पूरी टीम के साथ जुड़ना उनके लिए नया अनुभव होगा।

पूर्व ऑलराउंडर ने कहा कि गांगुली से उन्होंने सबसे महत्वपूर्ण बात मजबूत टीम वातावरण तैयार करना सीखा है। उनके अनुसार, गांगुली ने भारतीय टीम के खिलाड़ियों को एकजुट रखा और उनमें विदेश में भी टूर्नामेंट जीतने का विश्वास पैदा किया। युवराज ने उन्हें बड़े भाई जैसा बताते हुए कहा कि वह उनके अनुभव से सीखने के साथ अपने विचार भी साझा करना चाहते हैं।

-----------------------

हिन्दुस्थान समाचार / आकाश कुमार राय

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

760990 Articles

Share this story