पीडब्ल्यूएल सीजन-6: छह फ्रेंचाइजी के बीच 209 पहलवानों पर लगेगी बोली, सोमवार को मुंबई में नीलामी

WhatsApp Channel Join Now
पीडब्ल्यूएल सीजन-6: छह फ्रेंचाइजी के बीच 209 पहलवानों पर लगेगी बोली, सोमवार को मुंबई में नीलामी


पीडब्ल्यूएल सीजन-6: छह फ्रेंचाइजी के बीच 209 पहलवानों पर लगेगी बोली, सोमवार को मुंबई में नीलामी


मुंबई, 29 नवंबर (हि.स.)। प्रो रेसलिंग लीग (पीडब्ल्यूएल) ने सीजन-6 के खिलाड़ी ऑक्शन से पहले फ्रेंचाइजियों द्वारा रिटेन किए गए पहलवानों की सूची जारी कर दी है। खिलाड़ियों की नीलामी 30 नवंबर को मुंबई में होगी। इस बार छह फ्रेंचाइजी अपनी टीमें तैयार करने के लिए कुल 209 पहलवानों पर बोली लगाएंगी।

पीडब्ल्यूएल का छठा सीजन 3 से 19 जनवरी 2027 तक नई दिल्ली के इंदिरा गांधी स्टेडियम स्थित केडी जाधव कुश्ती एरिना में आयोजित किया जाएगा। प्रतियोगिता का आयोजन भारतीय कुश्ती महासंघ के तत्वावधान में होगा।

ऑक्शन से पहले टाइगर्स ऑफ मुंबई दंगल्स ने पेरिस ओलंपिक-2024 में 57 किग्रा वर्ग में कांस्य पदक जीतने वाले अमन सहरावत को रिटेन किया है। उन्होंने इस साल एशियन गेम्स में भी स्वर्ण पदक हासिल किया था। वहीं, दिल्ली दंगल वॉरियर्स ने ईरान के पहलवान हादी वफाईपुर को अपनी टीम में बरकरार रखा है। हादी 2024 एशियन चैंपियनशिप में कांस्य पदक जीत चुके हैं। डिफेंडिंग चैंपियन हरियाणा थंडर्स के अलावा महाराष्ट्र केसरी, पंजाब रॉयल्स और यूपी डॉमिनेटर्स ने किसी भी पहलवान को रिटेन नहीं किया है। ये चारों फ्रेंचाइजी ऑक्शन के जरिए पूरी टीम तैयार करेंगी।

इस बार ऑक्शन पूल में 24 देशों के कुल 209 पहलवान शामिल हैं। इनमें 131 भारतीय और 78 विदेशी पहलवान हैं। पहलवानों में 119 पुरुष और 90 महिला खिलाड़ी शामिल हैं। पहलवानों को उनके प्रदर्शन और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रतिष्ठा के आधार पर चार श्रेणियों में रखा गया है। ए+ (मार्की) के लिए आधार मूल्य 18 लाख रुपये, श्रेणी ए के लिए 12 लाख रुपये, श्रेणी बी के लिए 8 लाख रुपये और श्रेणी सी के लिए 3 लाख रुपये है। शीर्ष ए+ ब्रैकेट में 22 पहलवान हैं।

पीडब्ल्यूएल सीजन-6 में कुल नौ ओलंपिक भार वर्गों में मुकाबले खेले जाएंगे। पुरुष वर्ग- 57 किग्रा, 65 किग्रा, 74 किग्रा, 86 किग्रा, 125 किग्रा और महिला वर्ग- 53 किग्रा, 57 किग्रा, 62 किग्रा, 76 किग्रा शामिल है।

ऑक्शन और टीम गठन के लिए प्रत्येक फ्रेंचाइजी को दो करोड़ रुपये का बजट दिया जाएगा। इस तरह सभी छह टीमों के पास कुल 12 करोड़ रुपये का ऑक्शन बजट होगा। प्रत्येक टीम में कम से कम नौ और अधिकतम 12 पहलवान होंगे। हर टीम में कम से कम पांच पुरुष और चार महिला पहलवान होना अनिवार्य है। प्रत्येक टीम में चार विदेशी पहलवान होंगे, जिनमें दो पुरुष और दो महिलाएं शामिल होंगी। हर टीम में कम-से-कम एक सी श्रेणी का पहलवान रखना अनिवार्य होगा। इसका उद्देश्य उभरती प्रतिभाओं को अवसर देना है।

प्रो रेसलिंग लीग के चेयरमैन दयान फारूकी ने एक बयान में कहा कि ऑक्शन से ही हर सीजन की असली शुरुआत होती है। इस बार फ्रेंचाइजियों के सामने चुनने के लिए शानदार पहलवानों का समूह है। इसमें ओलंपिक और विश्व चैंपियन के साथ भारत और दुनिया की युवा प्रतिभाएं भी शामिल हैं। उन्होंने कहा कि मुंबई जैसे खेल प्रेमी शहर में सीजन-6 का ऑक्शन आयोजित करना खुशी की बात है। इसके बाद जनवरी में केडी जाधव एरिना में कुश्ती का रोमांच देखने को मिलेगा।

लीग के मुख्य कार्यकारी अधिकारी अखिल गुप्ता ने कहा कि 24 देशों के 209 पहलवानों की मौजूदगी से इस बार ऑक्शन पूल काफी मजबूत और विविधतापूर्ण है। छह में से चार फ्रेंचाइजियों ने किसी खिलाड़ी को रिटेन नहीं किया है, जिससे नीलामी में प्रतिस्पर्धा और बढ़ेगी। उन्होंने कहा कि भारतीय युवा पहलवानों को ओलंपिक और विश्व पदक विजेताओं के साथ एक ही टीम में खेलने और उनसे सीखने का अवसर मिलेगा। यही लीग की सबसे बड़ी खासियत है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / वीरेन्द्र सिंह

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

785141 Articles

Share this story