विश्व योगासन चैंपियनशिप 2026: भारत का दबदबा कायम, 22 स्वर्ण पदकों के साथ शीर्ष पर बरकरार
अहमदाबाद, 06 जून (हि.स.)। पहली विश्व योगासन चैंपियनशिप में मेजबान भारत का शानदार प्रदर्शन लगातार तीसरे दिन भी जारी रहा। ईकेए एरिना में आयोजित इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता में भारतीय खिलाड़ियों ने विभिन्न स्पर्धाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए पदक तालिका में अपनी बढ़त और मजबूत कर ली है। दिन समाप्त होने तक भारत के खाते में 22 स्वर्ण, 05 रजत और 01 कांस्य पदक दर्ज हो चुके थे।
चैंपियनशिप के तीसरे दिन भारतीय खिलाड़ियों ने लगभग सभी आयु वर्गों में प्रभावशाली प्रदर्शन किया। पश्चिम बंगाल की योगासन खिलाड़ी रितु मंडल प्रतियोगिता की सबसे बड़ी आकर्षण बनकर उभरीं। उन्होंने पारंपरिक योगासन सीनियर-ए महिला वर्ग में स्वर्ण पदक जीतने के बाद टीम स्पर्धा में भी स्वर्ण हासिल किया और विश्व योगासन चैंपियनशिप में दो स्वर्ण पदक जीतने वाली पहली भारतीय खिलाड़ी बनने का गौरव प्राप्त किया।
पदक तालिका में अर्जेंटीना दो स्वर्ण और दो रजत पदकों के साथ दूसरे स्थान पर पहुंच गया, जबकि सिंगापुर दो स्वर्ण और दो कांस्य पदकों के साथ तीसरे स्थान पर बना हुआ है। नेपाल ने भी उल्लेखनीय प्रदर्शन करते हुए एक स्वर्ण, छह रजत और तीन कांस्य पदकों के साथ चौथा स्थान हासिल किया। इसके अलावा जापान और संयुक्त राज्य अमेरिका ने भी स्वर्ण पदक जीतकर अपनी मजबूत उपस्थिति दर्ज कराई।
प्रतियोगिता में भारत ने 122 सदस्यीय दल उतारा है, जिसमें खिलाड़ी छह अलग-अलग आयु वर्गों में हिस्सा ले रहे हैं। यह चैंपियनशिप योगासन को वैश्विक प्रतिस्पर्धी खेल के रूप में स्थापित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम साबित हो रही है। आयोजन को युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, आयुष मंत्रालय, भारतीय खेल प्राधिकरण (SAI), खेल प्राधिकरण गुजरात तथा अन्य संस्थाओं का सहयोग प्राप्त है।
अपनी ऐतिहासिक उपलब्धि पर प्रतिक्रिया देते हुए रितु मंडल ने कहा कि दो स्वर्ण पदक जीतना उनके लिए अविस्मरणीय अनुभव है और यह सफलता उनके वर्षों के परिश्रम तथा सहयोगियों के समर्थन का परिणाम है।
चैंपियनशिप के तीसरे दिन दिलीप कुमार, बीरेन्द्र यादव, अनुराग मलिक, कुदुमुला वनाजा और इंदरजीत सहित कई भारतीय खिलाड़ियों ने स्वर्ण पदक जीतकर देश की पदक संख्या में महत्वपूर्ण योगदान दिया। भारत अब प्रतियोगिता के आगामी चरणों में भी अपनी बढ़त बनाए रखने की मजबूत स्थिति में दिखाई दे रहा है।
----------------------
हिन्दुस्थान समाचार / आकाश कुमार राय

