दिल्ली में विश्व पंजा कुश्ती चैंपियनशिप का आगाज, 60 से अधिक देशों के 1700 प्रतिभागी जुटे

WhatsApp Channel Join Now
दिल्ली में विश्व पंजा कुश्ती चैंपियनशिप का आगाज, 60 से अधिक देशों के 1700 प्रतिभागी जुटे


नई दिल्ली, 29 अक्टूबर (हि.स.)। राजधानी दिल्ली में गुरुवार को 47वीं विश्व पंजा कुश्ती चैंपियनशिप और 28वीं विश्व पैरा पंजा कुश्ती चैंपियनशिप-2026 का भव्य उद्घाटन हुआ। उद्घाटन समारोह में केंद्रीय संसदीय कार्य एवं अल्पसंख्यक कार्य मंत्री किरेन रिजिजू, हमीरपुर से सांसद और पूर्व केंद्रीय खेल मंत्री अनुराग सिंह ठाकुर तथा विश्व पंजा कुश्ती महासंघ (डब्ल्यूएएफ) के अध्यक्ष एसेन हाजितोदोरोव सहित खेल जगत की कई प्रमुख हस्तियां शामिल हुईं।

पूर्वी दिल्ली स्थित लीला एम्बियंस कन्वेंशन होटल में आयोजित इस प्रतियोगिता का आयोजन भारत में पहली बार किया जा रहा है। इसमें 60 से अधिक देशों के 1,700 से ज्यादा खिलाड़ी, अधिकारी और अन्य प्रतिभागी हिस्सा ले रहे हैं। प्रतियोगिता का आयोजन पीपुल्स आर्मरेसलिंग फेडरेशन ऑफ इंडिया (पीएएफआई) ने विश्व पंजा कुश्ती महासंघ के मार्गदर्शन में किया है। पीएएफआई की अध्यक्ष प्रीति झंगियानी और प्रो पंजा लीग के सह-संस्थापक परवीन डबास आयोजन से जुड़े प्रमुख चेहरों में शामिल हैं।

समारोह की शुरुआत केरल के पारंपरिक ढोल-नगाड़ों और नृत्य प्रस्तुतियों से हुई। इसके बाद भारत की सांस्कृतिक विविधता को दर्शाने वाले कार्यक्रम प्रस्तुत किए गए। विभिन्न देशों के खिलाड़ियों और प्रतिनिधियों ने परेड ऑफ नेशंस में हिस्सा लिया। इसके बाद किरेन रिजिजू, अनुराग सिंह ठाकुर, एसेन हाजितोदोरोव, प्रीति झंगियानी और परवीन डबास सहित अन्य गणमान्य व्यक्तियों ने दीप प्रज्ज्वलित कर प्रतियोगिता का औपचारिक उद्घाटन किया।

किरेन रिजिजू ने दुनिया भर से आए खिलाड़ियों का स्वागत करते हुए भारत में पहली बार विश्व चैंपियनशिप आयोजित किए जाने पर प्रसन्नता जताई। उन्होंने पीएएफआई की टीम को आयोजन के लिए बधाई दी और कहा कि भारत सभी प्रतिभागियों की मेजबानी कर गौरवान्वित महसूस कर रहा है।

अनुराग सिंह ठाकुर ने भी 60 से अधिक देशों के खिलाड़ियों और अधिकारियों का स्वागत किया। उन्होंने कहा कि इतने बड़े अंतरराष्ट्रीय आयोजन की मेजबानी भारत के लिए गर्व की बात है और खिलाड़ियों को प्रतियोगिता का यादगार अनुभव देने के लिए हरसंभव सहयोग किया जाएगा।

समारोह का प्रमुख आकर्षण प्रो पंजा लीग के खिलाड़ियों प्रसेनजीत पात्रा और अमित सिंह के बीच 20 मिनट का प्रदर्शनी मुकाबला रहा। अंतरराष्ट्रीय प्रतिनिधिमंडलों और खिलाड़ियों की मौजूदगी में हुए इस मुकाबले ने भारत में पेशेवर पंजा कुश्ती की बढ़ती लोकप्रियता को रेखांकित किया।

पीएएफआई की अध्यक्ष और एशियाई पंजा कुश्ती महासंघ की उपाध्यक्ष प्रीति झंगियानी ने कहा कि विश्व चैंपियनशिप की मेजबानी भारतीय खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों और अधिकारियों के सामूहिक प्रयासों का परिणाम है। उन्होंने पैरा खिलाड़ियों की भागीदारी को खेल के अधिक समावेशी भविष्य की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया।

प्रो पंजा लीग के सह-संस्थापक परवीन डबास ने कहा कि पंजा कुश्ती को पेशेवर मंच देने के प्रयासों से इस खेल को अंतरराष्ट्रीय पहचान दिलाने में मदद मिली है। वर्ष 2023 में लीग का पहला टेलीविजन प्रसारित सत्र आयोजित होने के बाद से इसमें पुरुषों, महिलाओं और पैरा खिलाड़ियों को समान पुरस्कार राशि और अवसर देने पर जोर दिया गया है।

यह चैंपियनशिप 29 अक्टूबर से 07 नवंबर तक चलेगी। आयोजकों के मुताबिक, इसमें दुनिया के प्रमुख पंजा कुश्ती और पैरा पंजा कुश्ती खिलाड़ी एक मंच पर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे।

-------------------------

हिन्दुस्थान समाचार / आकाश कुमार राय

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

769099 Articles

Share this story