महिला टी20 विश्व कप: ऑस्ट्रेलिया ने दक्षिण अफ्रीका को 65 रन से रौंदा

WhatsApp Channel Join Now


मैनचेस्टर, 13 जून (हि.स.)। छह बार की चैंपियन ऑस्ट्रेलिया टीम ने आईसीसी महिला टी20 विश्व कप 2026 में शानदार शुरुआत करते हुए दक्षिण अफ्रीका को 65 रन से हराकर अपना पहला मुकाबला जीत लिया। एमिरेट्स ओल्ड ट्रैफर्ड में खेले गए इस मैच में ऑस्ट्रेलिया ने बल्लेबाजी और गेंदबाजी दोनों विभागों में शानदार प्रदर्शन किया।

टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए ऑस्ट्रेलिया की शुरुआत खराब रही और शुरुआती विकेट जल्दी गंवाने पड़े। इसके बाद फोबे लिचफील्ड ने आक्रामक अंदाज में बल्लेबाजी करते हुए महज 24 गेंदों पर 51 रन बनाए। उनकी तेजतर्रार पारी ने ऑस्ट्रेलियाई पारी को गति दी और टीम को मजबूत स्थिति में पहुंचाया।

मध्यक्रम में एलिस पेरी ने 36 रन और जॉर्जिया वेयरहैम ने 32 रन का महत्वपूर्ण योगदान दिया। अंतिम ओवरों में एनाबेल सुदरलैंड ने तेज रन जोड़कर टीम का स्कोर 20 ओवर में 8 विकेट के नुकशान पर 172 रन तक पहुंचा दिया।

लक्ष्य का पीछा करने उतरी दक्षिण अफ्रीका की टीम शुरुआत से ही दबाव में दिखाई दी। शुरुआती दो विकेट जल्दी गिरने के बाद कप्तान लॉरा वोल्वार्ड्ट ने 44 रन की संघर्षपूर्ण पारी खेलकर टीम को संभालने का प्रयास किया। उन्होंने नादिन डी क्लर्क के साथ महत्वपूर्ण साझेदारी भी की, लेकिन लगातार गिरते विकेटों के कारण टीम लक्ष्य के करीब नहीं पहुंच सकी।

ऑस्ट्रेलियाई गेंदबाजों ने नियमित अंतराल पर विकेट लेकर दक्षिण अफ्रीका की बल्लेबाजी को बिखेर दिया। वेयरहैम ने शानदार गेंदबाजी करते हुए 3 विकेट हासिल किए, जबकि सोफी मोलिनेक्स और अलाना किंग ने दो-दो विकेट अपने नाम किए।

दक्षिण अफ्रीका की पूरी टीम 16.4 ओवर में 107 रन पर सिमट गई और ऑस्ट्रेलिया ने 65 रन की बड़ी जीत दर्ज की। इस जीत के साथ ऑस्ट्रेलिया ने टूर्नामेंट में मजबूत शुरुआत की और अपने खिताब अभियान के लिए सकारात्मक संकेत दिए।

-----------------------

हिन्दुस्थान समाचार / आकाश कुमार राय

Share this story