महिला टी20 एशिया कप: 30 अगस्त से भारत का अभियान, 05 सितंबर को पाकिस्तान से भिड़ंत
दुबई, 06 अगस्त (हि.स.)। एशियाई क्रिकेट परिषद (एसीसी) ने गुरुवार को महिला टी20 एशिया कप 2026 के कार्यक्रम की घोषणा कर दी। टूर्नामेंट का आयोजन 28 अगस्त से 13 सितंबर तक दुबई में होगा। तीन बार की चैंपियन भारतीय टीम अपने अभियान की शुरुआत 30 अगस्त को थाईलैंड के खिलाफ करेगी, जबकि बहुप्रतीक्षित भारत-पाकिस्तान मुकाबला 05 सितंबर को खेला जाएगा।
भारतीय टीम को ग्रुप-ए में पाकिस्तान, थाईलैंड और हांगकांग (चीन) के साथ रखा गया है। कप्तान हरमनप्रीत कौर की अगुआई वाली भारतीय टीम 30 अगस्त को थाईलैंड से भिड़ेगी, इसके बाद 03 सितंबर को हांगकांग (चीन) और 05 सितंबर को पाकिस्तान का सामना करेगी।
आठ टीमों के इस टूर्नामेंट को दो समूहों में विभाजित किया गया है। ग्रुप-बी में मौजूदा चैंपियन श्रीलंका, बांग्लादेश, इंडोनेशिया और मेजबान संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) शामिल हैं।
प्रतियोगिता का उद्घाटन मैच 28 अगस्त को थाईलैंड और हांगकांग (चीन) के बीच खेला जाएगा। श्रीलंका अपना पहला मुकाबला 29 अगस्त को यूएई के खिलाफ खेलेगा, जबकि बांग्लादेश 31 अगस्त को इंडोनेशिया से भिड़ेगा।
लीग चरण के बाद दोनों समूहों की शीर्ष दो-दो टीमें सेमीफाइनल में पहुंचेंगी। पहला सेमीफाइनल 10 सितंबर, दूसरा 11 सितंबर को खेला जाएगा, जबकि 13 सितंबर को फाइनल मुकाबले के साथ नए एशियाई चैंपियन का फैसला होगा।
टूर्नामेंट के सभी 15 मुकाबले, जिनमें दोनों सेमीफाइनल और फाइनल भी शामिल हैं, दुबई इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में फ्लडलाइट्स में खेले जाएंगे।
------------------------
हिन्दुस्थान समाचार / आकाश कुमार राय

