चाईबासा में 5 अप्रैल से अंतर जिला सीनियर महिला क्रिकेट प्रतियोगिता, 15 अप्रैल को फाइनल

WhatsApp Channel Join Now
चाईबासा में 5 अप्रैल से अंतर जिला सीनियर महिला क्रिकेट प्रतियोगिता, 15 अप्रैल को फाइनल


पश्चिमी सिंहभूम,04 अप्रैल (हि.स.)। झारखंड में महिला क्रिकेट को बढ़ावा देने की दिशा में एक अहम पहल के तहत अंतर जिला सीनियर महिला क्रिकेट प्रतियोगिता का आयोजन 05 अप्रैल से चाईबासा में होने जा रहा है। झारखण्ड राज्य क्रिकेट संघ के तत्वावधान में आयोजित इस प्रतियोगिता के सभी ग्रुप-ए मुकाबले चाईबासा स्थित बिरसा मुंडा क्रिकेट स्टेडियम में खेले जाएंगे।

संघ की ओर से जारी कार्यक्रम के अनुसार ग्रुप-ए में गत वर्ष की चैंपियन रांची के अलावा सिमडेगा, गुमला, लोहरदगा और खूँटी की टीमें शामिल हैं। इस ग्रुप के सभी लीग मुकाबलों के साथ-साथ सुपर डिवीजन के तीन मैच और फाइनल भी चाईबासा में ही आयोजित होंगे।

टूर्नामेंट टी-20 प्रारूप में खेला जाएगा। उद्घाटन मुकाबला 5 अप्रैल को सुबह 9 बजे लोहरदगा और खूँटी के बीच खेला जाएगा। इसी दिन दोपहर 1 बजे सिमडेगा और गुमला की टीमें आमने-सामने होंगी। इसके बाद 6 से 9 अप्रैल तक रोजाना दो-दो लीग मैच खेले जाएंगे, जिसमें सभी टीमें एक-दूसरे के खिलाफ मुकाबला करेंगी।प्रतियोगिता का अगला चरण यानी सुपर डिवीजन के मुकाबले 11 से 13 अप्रैल के बीच आयोजित होंगे, जबकि फाइनल मैच 15 अप्रैल को खेला जाएगा।

पश्चिमी सिंहभूम जिला क्रिकेट संघ के महासचिव असीम कुमार सिंह ने शनिवार को बताया कि आयोजन की सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। खिलाड़ियों और मैच अधिकारियों के ठहरने एवं खानपान के साथ-साथ मैदान की तैयारियों का भी विशेष ध्यान रखा गया है।

उन्होंने बताया कि मैचों में अंपायरिंग की जिम्मेदारी जमशेदपुर के अभिषेक और हेमंत ठाकुर निभाएंगे, जबकि खिलाड़ियों के प्रदर्शन पर नजर रखने के लिए महिला चयन समिति की अध्यक्ष कविता रॉय पर्यवेक्षक के रूप में मौजूद रहेंगी। वहीं, पूर्व रणजी खिलाड़ी और जेएससीए के आजीवन सदस्य तड़ित घोष को लाइजनिंग ऑफिसर बनाया गया है, जो प्रतियोगिता के उद्घाटन की औपचारिकता भी निभाएंगे।

--------------

हिन्दुस्थान समाचार / गोविंद पाठक

Share this story