महिला वनडे विश्व कप की ‘टीम ऑफ द टूर्नामेंट’ घोषित, मंधाना सहित तीन भारतीय खिलाड़ी शामिल

WhatsApp Channel Join Now
महिला वनडे विश्व कप की ‘टीम ऑफ द टूर्नामेंट’ घोषित, मंधाना सहित तीन भारतीय खिलाड़ी शामिल


नई दिल्ली, 04 नवंबर (हि.स.)। आईसीसी महिला क्रिकेट विश्व कप 2025 की ‘टीम ऑफ द टूर्नामेंट’ की घोषणा हो गई है, जिसकी कप्तान दक्षिण अफ्रीका की लौरा वोल्वार्ड्ट को बनाया गया है। इस 12 सदस्यीय टीम में भारत की स्मृति मंधाना, जेमिमा रॉड्रिग्स और दीप्ति शर्मा को शामिल किया गया है।

दक्षिण अफ्रीका की ओर से कप्तान वोल्वार्ड्ट के साथ मारिजान काप और नादिन डी क्लर्क का चयन हुआ है, जबकि ऑस्ट्रेलिया से एश्ले गार्डनर, एनेबल सदरलैंड और अलाना किंग को जगह मिली है।

इंग्लैंड की नेट सिवर-ब्रंट और सोफी एक्लेस्टोन तथा पाकिस्तान की विकेटकीपर सिद्रा नवाज टीम को पूरा करती हैं।

भारतीय खिलाड़ियों का शानदार प्रदर्शन

भारत की तीन खिलाड़ियों ने टूर्नामेंट में बेहतरीन प्रदर्शन किया। दीप्ति शर्मा ने 22 विकेट लेकर टूर्नामेंट की सर्वाधिक विकेट लेने वाली गेंदबाज रहीं। फाइनल में उनके 5 विकेट ने भारत को खिताब जिताने में अहम भूमिका निभाई। स्मृति मंधाना ने 434 रन बनाए, जिसमें न्यूजीलैंड के खिलाफ शतक भी शामिल है। जेमिमा रॉड्रिग्स ने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ सेमीफाइनल में नाबाद 127 रन बनाकर टीम को फाइनल में पहुंचाया।

अन्य देशों का प्रदर्शन

दक्षिण अफ्रीका की कप्तान लौरा वोल्वार्ड्ट 571 रनों के साथ टूर्नामेंट की सर्वाधिक रन स्कोरर रहीं, जिसमें सेमीफाइनल और फाइनल में लगातार शतक शामिल हैं। उनकी साथी मारिजान काप ने 12 विकेट लिए और दो अर्धशतक जड़े। नादिन डी क्लर्क ने भारत के खिलाफ 84 नाबाद रन बनाए और 9 विकेट भी लिए। ऑस्ट्रेलिया की अलाना किंग ने इतिहास रचते हुए दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ 7/18 का स्पेल डाला — जो महिला विश्व कप इतिहास का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन रहा।

एनेबल सदरलैंड ने 17 विकेट और 98* रन बनाए, जबकि एश्ले गार्डनर ने दो शतक और 7 विकेट हासिल किए। पाकिस्तान की सिद्रा नवाज ने विकेट के पीछे शानदार प्रदर्शन करते हुए 3 कैच और 4 स्टंपिंग किए। इंग्लैंड की सोफी एक्लेस्टोन ने 16 विकेट झटके, जबकि कप्तान नेट सिवर-ब्रंट (262 रन, 9 विकेट) को 12वें खिलाड़ी के रूप में चुना गया।

आईसीसी महिला क्रिकेट विश्व कप 2025 ‘टीम ऑफ द टूर्नामेंट’

स्मृति मंधाना (भारत), लौरा वोल्वार्ड्ट (द. अफ्रीका) (कप्तान),जेमिमा रॉड्रिग्स (भारत), मारिजान काप (द. अफ्रीका), एश्ले गार्डनर (ऑस्ट्रेलिया), दीप्ति शर्मा (भारत), एनेबल सदरलैंड (ऑस्ट्रेलिया), नादिन डी क्लर्क (द. अफ्रीका), सिद्रा नवाज (पाकिस्तान) (विकेटकीपर), अलाना किंग (ऑस्ट्रेलिया), सोफी एक्लेस्टोन (इंग्लैंड), नेट सिवर-ब्रंट (इंग्लैंड) 12वीं खिलाड़ी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील दुबे

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

766426 Articles

Share this story