विंबलडन : घुटने की चोट के कारण सेरेना विलियम्स ने डबल्स से नाम वापस लिया

WhatsApp Channel Join Now
विंबलडन : घुटने की चोट के कारण सेरेना विलियम्स ने डबल्स से नाम वापस लिया


लंदन, 04 जुलाई (हि.स.)। अमेरिका की दिग्गज टेनिस स्टार सेरेना विलियम्स ने घुटने की चोट के कारण विंबलडन 2026 के महिला डबल्स मुकाबले से नाम वापस ले लिया है। इसके साथ ही उनकी बहन वीनस विलियम्स के साथ ऑल इंग्लैंड क्लब में लंबे समय बाद होने वाली बहुप्रतीक्षित जोड़ी देखने का इंतजार भी खत्म हो गया।

सेरेना ने शनिवार को इंस्टाग्राम पर इसकी जानकारी देते हुए कहा कि उनका घुटना अभी पूरी तरह ठीक नहीं हुआ है।

अपने पोस्ट में उन्होंने लिखा, डबल्स से हटना मेरे लिए बेहद दुखद है। कोर्ट पर वापसी अपने आप में एक उपहार रही है और वीनस के साथ फिर से खेलने का मौका मेरे लिए बहुत खास था। मैंने पूरी कोशिश की, लेकिन दुर्भाग्य से मेरा घुटना अभी प्रतिस्पर्धा के लिए तैयार नहीं है।

सेरेना को यह चोट इस सप्ताह अपने पहले दौर के एकल मुकाबले के दौरान लगी थी। करीब चार साल बाद ग्रैंड स्लैम एकल स्पर्धा में वापसी कर रहीं सेरेना को ऑस्ट्रेलिया की माया जॉइंट के खिलाफ 6-3, 6-7 (6), 6-3 से हार का सामना करना पड़ा था।

विलियम्स बहनों को विंबलडन डबल्स ड्रॉ में वाइल्ड कार्ड मिला था। पहले दौर में उनका मुकाबला सोलाना सिएरा और कैमिला ओसोरियो की जोड़ी से होना था। दोनों बहनों ने अब तक 6 विंबलडन महिला डबल्स खिताब और 14 ग्रैंड स्लैम महिला डबल्स खिताब जीते हैं।

यह 2022 के यूएस ओपन के बाद दोनों बहनों का पहला डबल्स मुकाबला होने वाला था। इससे पहले सेरेना ने इस सीजन में वापसी करते हुए क्वीन्स क्लब चैंपियनशिप में विक्टोरिया म्बोको और बर्लिन में करोलिना मुचोवा के साथ डबल्स मुकाबले खेले थे।

23 बार की ग्रैंड स्लैम एकल चैंपियन सेरेना ने अपनी अगली वापसी की तारीख का खुलासा नहीं किया, लेकिन संकेत दिया कि प्रशंसकों को ज्यादा इंतजार नहीं करना पड़ेगा। उन्होंने लिखा, फिलहाल इतना ही कहूंगी—अपने शहर के आसपास नजर बनाए रखें।

वहीं, वीनस विलियम्स विंबलडन में मिक्स्ड डबल्स अभियान समाप्त होने के बाद अब वॉशिंगटन ओपन और कनाडियन ओपन में हिस्सा लेंगी।

-----------------------

हिन्दुस्थान समाचार / आकाश कुमार राय

Share this story