काशी रुद्रास ने मेरठ को 56 रन से रौंदा, यूपी टी20 लीग के टॉप-4 में जगह पक्की

WhatsApp Channel Join Now
काशी रुद्रास ने मेरठ को 56 रन से रौंदा, यूपी टी20 लीग के टॉप-4 में जगह पक्की


काशी रुद्रास ने मेरठ को 56 रन से रौंदा, यूपी टी20 लीग के टॉप-4 में जगह पक्की


कानपुर, 01 सितंबर (हि.स.)। मौजूदा चैंपियन काशी रुद्रास ने यूपी टी-20 लीग 2026 के प्लेऑफ की दौड़ में शानदार वापसी करते हुए मंगलवार को ग्रीन पार्क स्टेडियम में मेरठ मावेरिक्स को 56 रन से हरा दिया। इस जीत के साथ लीग चरण समाप्त होते ही टूर्नामेंट की शीर्ष चार टीमों की तस्वीर भी साफ हो गई।

पहले बल्लेबाजी करते हुए काशी रुद्रास ने 20 ओवर में चार विकेट पर 175 रन बनाए। कप्तान करण शर्मा ने 40 गेंदों पर 57 रन की जिम्मेदार पारी खेली, जबकि वैभव जायसवाल ने 24 गेंदों में 33 रन बनाकर टीम को अच्छी शुरुआत दी। दोनों ने पहले विकेट के लिए 75 रन जोड़े।

इसके बाद उपेंद्र यादव ने आखिरी ओवरों में तूफानी बल्लेबाजी करते हुए महज 29 गेंदों में नाबाद 57 रन ठोक दिए। उनकी पारी में चार चौके और पांच छक्के शामिल रहे। इस विस्फोटक पारी की बदौलत काशी ने मेरठ के सामने 176 रन का लक्ष्य रखा।

लक्ष्य का पीछा करने उतरी मेरठ की शुरुआत बेहद खराब रही। सलामी बल्लेबाज स्वस्तिक चिकारा खाता खोले बिना ही कार्तिक यादव का शिकार बन गए। कार्तिक ने शानदार गेंदबाजी करते हुए चार ओवर में सिर्फ 12 रन देकर तीन विकेट लिए और मेरठ के शीर्ष क्रम की कमर तोड़ दी। उन्हें प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया।

मेरठ की टीम 13 ओवर में 70 रन पर पांच विकेट गंवा चुकी थी। दिव्यांश राजपूत ने 31 गेंदों में 39 रन बनाकर पारी संभालने की कोशिश की, लेकिन 16वें ओवर में ऋषभ राजपूत ने उन्हें हिट-विकेट आउट कर दिया। इसी ओवर की अगली गेंद पर यश गर्ग भी पवेलियन लौट गए।

17वें ओवर की पहली गेंद पर इम्पैक्ट प्लेयर संगम सिंह ने विकेट लेकर दो ओवरों में फैली टीम हैट्रिक पूरी की। मेरठ की पूरी टीम 19.2 ओवर में 119 रन पर सिमट गई। ऋषभ राजपूत ने 13 रन देकर तीन विकेट लिए, जबकि अटल बिहारी विपिन राय को दो सफलताएं मिलीं।

इस जीत के साथ काशी रुद्रास ने लगातार दूसरी जीत दर्ज की और 10 अंकों के साथ तीसरे स्थान पर रहते हुए प्लेऑफ में जगह बनाई। मेरठ मावेरिक्स 15 अंकों के साथ तालिका में शीर्ष पर रहा, जबकि लखनऊ फाल्कन्स 13 अंकों के साथ दूसरे स्थान पर रहा। नोएडा किंग्स 10 अंकों के साथ चौथे स्थान पर रही। वहीं गोरखपुर लायंस और कानपुर सुपरस्टार्स का अभियान समाप्त हो गया।

-----------------------

हिन्दुस्थान समाचार / आकाश कुमार राय

Share this story