बीएचयू में पूर्वी क्षेत्र अंतर-विश्वविद्यालय महिला वॉलीबॉल प्रतियोगिता का आगाज, पहले दिन 14 मुकाबले खेले गए
वाराणसी, 20 नवंबर (हि.स.)। काशी हिन्दू विश्वविद्यालय (बीएचयू) के विश्वविद्यालय क्रीड़ा परिषद के तत्वावधान में शुक्रवार को ‘ईस्ट जोन इंटर यूनिवर्सिटी वॉलीबॉल टूर्नामेंट (महिला) 2026-27’ का भव्य शुभारंभ हुआ। विश्वविद्यालय के एम्फीथिएटर ग्राउंड स्थित वॉलीबॉल कोर्ट में आयोजित प्रतियोगिता का उद्घाटन मुख्य अतिथि बीएचयू के रजिस्ट्रार राजन श्रीवास्तव ने वसंत महिला महाविद्यालय की प्राचार्य प्रो. अलका सिंह की उपस्थिति में किया।
इस अवसर पर मुख्य अतिथि राजन श्रीवास्तव ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए उन्हें खेल भावना, अनुशासन और टीम भावना के साथ प्रतियोगिता में प्रतिभाग करने की प्रेरणा दी। उन्होंने कहा कि खेल विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
प्रतियोगिता के आयोजन सचिव डॉ. रोबिन कुमार सिंह ने बताया कि टूर्नामेंट के लिए कुल 36 टीमों ने जनरल एंट्री कराई थी, जिनमें से 28 टीमों की डिटेल एंट्री प्राप्त हुई है।
प्रतियोगिता में मेजबान काशी हिन्दू विश्वविद्यालय के अलावा रांची विश्वविद्यालय, कलकत्ता विश्वविद्यालय, महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ, दीनदयाल उपाध्याय गोरखपुर विश्वविद्यालय, कल्याणी विश्वविद्यालय, बर्दवान विश्वविद्यालय, कीट और गुरु घासीदास विश्वविद्यालय समेत पूर्वी भारत के विभिन्न विश्वविद्यालयों की टीमें हिस्सा ले रही हैं। यह प्रतियोगिता 24 नवंबर 2026 तक आयोजित की जाएगी।
विश्वविद्यालय क्रीड़ा परिषद की उपाध्यक्ष प्रो. अर्चना सिंह ने अतिथियों, खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों, टीम प्रबंधकों एवं दर्शकों का स्वागत किया। वहीं, परिषद के महासचिव प्रो. ए.के. नेमा ने धन्यवाद ज्ञापन करते हुए आयोजन से जुड़े सभी लोगों के प्रति आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम का संचालन संयुक्त आयोजन सचिव डॉ. प्रमोद कुमार यादव ने किया।
—पहले दिन खेले गए मुकाबलों में कई टीमों ने दर्ज की शानदार जीत
प्रतियोगिता के पहले दिन कुल 14 मुकाबले खेले गए। इनमें बर्दवान विश्वविद्यालय ने हेमचंद यादव विश्वविद्यालय को 3-0 से हराया। पंडित दीनदयाल उपाध्याय गोरखपुर विश्वविद्यालय ने महाराजा सुहेलदेव राज्य विश्वविद्यालय, आजमगढ़ को 3-0 से पराजित किया। गुरु घासीदास विश्वविद्यालय ने नागालैंड विश्वविद्यालय को तथा उत्कल विश्वविद्यालय ने बीआरए बिहार विश्वविद्यालय को 3-0 से शिकस्त दी।
इसी क्रम में कल्याणी विश्वविद्यालय ने वीर बहादुर सिंह पूर्वांचल विश्वविद्यालय, श्री स्पोर्ट्स विश्वविद्यालय ने पश्चिम बंगाल विश्वविद्यालय, शहीद एम.के. विश्वविद्यालय ने राजीव गांधी विश्वविद्यालय और अटल बिहारी वाजपेयी विश्वविद्यालय ने मगध विश्वविद्यालय को 3-0 से पराजित किया।
सीयूएसबी, गया ने रमा देवी विश्वविद्यालय को 3-0 से हराया, जबकि रेवेनशॉ विश्वविद्यालय ने महाराजा श्रीराम चंद्र भंज देव विश्वविद्यालय को इसी अंतर से शिकस्त दी। संत गहिरा गुरु विश्वविद्यालय ने विनोबा भावे विश्वविद्यालय को 3-1 से पराजित किया। वहीं, ललित नारायण मिथिला विश्वविद्यालय ने एनएसयू, मणिपुर को 3-0 से हराया।
मेजबान काशी हिन्दू विश्वविद्यालय की टीम ने भी शानदार प्रदर्शन करते हुए सीएसजेएम विश्वविद्यालय को 3-0 से पराजित कर जीत के साथ अपने अभियान की शुरुआत की। इस मुकाबले में पूजा सिंह, सेजल यादव, रिचा मौर्य, प्रीति, रितिका सिंह और इच्छा का प्रदर्शन सराहनीय रहा।
वहीं, महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ, वाराणसी की टीम ने रांची विश्वविद्यालय को 3-0 से हराकर शानदार जीत दर्ज की।
प्रतियोगिता के सफल संचालन के लिए गठित निर्णायक मंडल में डॉ. सी.बी. मिश्रा, भारतेन्दु शेखर पाण्डेय, शेषनाथ कुशवाहा, अंजनी पाण्डेय, सुनील राय, अंकित सिंह और सचिन कुमार सहित अन्य सदस्य शामिल रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / श्रीधर त्रिपाठी

