मीरजापुर की सलोनी ने राष्ट्रीय पावरलिफ्टिंग प्रतियोगिता में दिखाया जलवा, 439.5 किलो वजन उठाकर बनीं बेस्ट लिफ्टर

WhatsApp Channel Join Now
मीरजापुर की सलोनी ने राष्ट्रीय पावरलिफ्टिंग प्रतियोगिता में दिखाया जलवा, 439.5 किलो वजन उठाकर बनीं बेस्ट लिफ्टर


मीरजापुर की सलोनी ने राष्ट्रीय पावरलिफ्टिंग प्रतियोगिता में दिखाया जलवा, 439.5 किलो वजन उठाकर बनीं बेस्ट लिफ्टर


- गरीबी और आर्थिक तंगी को नहीं बनने दिया मंजिल का रोड़ा, अब विदेश में अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता में दिखाएंगी दमखम

मीरजापुर, 29 नवंबर (हि.स.)। घर की आर्थिक स्थिति भले ही कमजोर हो, लेकिन हौसले बुलंद हों तो बड़ी से बड़ी मंजिल हासिल की जा सकती है। इसे सच कर दिखाया है मीरजापुर की बेटी सलोनी जोशी ने। छह बहनों में सबसे छोटी सलोनी ने छत्तीसगढ़ के दुर्ग में आयोजित राष्ट्रीय फेडरेशन कप पावरलिफ्टिंग प्रतियोगिता में ऐसा दम दिखाया कि हर कोई उनकी प्रतिभा का कायल हो गया। 52 किलोग्राम भार वर्ग में 439.5 किलोग्राम वजन उठाकर उन्होंने महिला वर्ग में बेस्ट लिफ्टर का खिताब अपने नाम कर लिया। अब उनका चयन अंतरराष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता के लिए हुआ है, जो जुलाई 2027 में विदेश में आयोजित होगी।

23 और 24 नवंबर को आयोजित इस प्रतियोगिता में देश के 24 राज्यों से महिला और पुरुष खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया था। सलोनी ने स्क्वाट, बेंच प्रेस और डेडलिफ्ट तीनों स्पर्धाओं में शानदार प्रदर्शन करते हुए कुल 439.5 किलोग्राम वजन उठाया। उनकी इस उपलब्धि ने न सिर्फ परिवार, बल्कि पूरे जिले का सिर गर्व से ऊंचा कर दिया।

परिजनाें ने रविवार काे बताया कि सलोनी जब पदक और ट्रॉफी लेकर घर पहुंचीं तो परिवार और शुभचिंतकों ने स्वागत किया। बेटी की कामयाबी देखकर पिता दल सिंगार की आंखें खुशी से छलक पड़ीं। मां तारा देवी ने बताया कि चार बेटियों की शादी कर चुकी हैं। परिवार की आर्थिक स्थिति ठीक नहीं है, इसके बावजूद सलोनी की तैयारी में कोई कमी नहीं आने दी। उन्होंने दुख भी जताया कि आज तक बेटी की प्रतिभा के लिए कोई सरकारी सहायता नहीं मिली।

सलोनी ने अपनी सफलता का श्रेय कोच पप्पू पावरलिफ्टर, परिवार और पूरी टीम को दिया। उनकी उपलब्धि पर बधाई देने वालों का तांता लगा हुआ है। अब सबकी निगाहें जुलाई में होने वाली अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता पर टिकी हैं, जहां मीरजापुर की यह बेटी विदेशी धरती पर देश का नाम रोशन करने के इरादे से उतरेगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

785118 Articles

Share this story