नीलम करवरिया कप : इलाहाबाद पश्चिम और फूलपुर फाइनल में

WhatsApp Channel Join Now


नीलम करवरिया कप : इलाहाबाद पश्चिम और फूलपुर फाइनल में








आदित्य राज तिवारी की नाबाद अर्धशतकीय पारी, मो. तैमूर के चार विकेट और नितिन यादव की उम्दा बल्लेबाजी से मिली जीतखिलाड़ियों को बांटी गई 50 हजार रुपये की पुरस्कार राशि, खिताबी मुकाबला शनिवार दोपहर 12:30 बजे से

प्रयागराज, 16 अक्टूबर (हि.स.)। नीलम करवरिया कप क्रिकेट प्रतियोगिता के दूसरे संस्करण में इलाहाबाद पश्चिम और फूलपुर विधानसभा की टीमों ने दमदार प्रदर्शन करते हुए फाइनल में जगह बना ली। शुक्रवार को खेले गए सेमीफाइनल मुकाबलों में इलाहाबाद पश्चिम ने फाफामऊ को 80 रन से करारी शिकस्त दी, जबकि फूलपुर ने मेजा को 44 रन से हराकर खिताबी मुकाबले का टिकट कटाया। इलाहाबाद पश्चिम की जीत में आदित्य राज तिवारी की नाबाद अर्धशतकीय पारी और मो. तैमूर की घातक गेंदबाजी अहम रही। वहीं, फूलपुर के लिए नितिन यादव ने नाबाद 35 रन की उपयोगी पारी खेली। प्रतियोगिता का फाइनल शनिवार को दोपहर 12:30 बजे खेला जाएगा।

आदित्य का अर्धशतक, तैमूर ने झटके चार विकेट

पहले सेमीफाइनल में टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी इलाहाबाद पश्चिम की टीम ने निर्धारित 20 ओवर में पांच विकेट पर 148 रन बनाए। आदित्य राज तिवारी ने 38 गेंदों पर पांच चौकों और एक छक्के की मदद से नाबाद 51 रन की पारी खेली। आतिफ साजिद ने 23 और कृष्णा साहू ने 17 रन बनाकर टीम को मजबूत स्कोर तक पहुंचाया। फाफामऊ की ओर से दिव्य प्रकाश, प्रियांशु और गौरव पाठक ने एक-एक विकेट लिया।

149 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी फाफामऊ की टीम इलाहाबाद पश्चिम के गेंदबाजों के सामने टिक नहीं सकी। पूरी टीम 12.2 ओवर में 68 रन पर सिमट गई। सौरभ प्रताप सिंह ने 20 और गौरव पाठक ने 11 रन बनाए। मो. तैमूर ने 3.2 ओवर में महज 10 रन देकर चार विकेट चटकाए। देव प्रकाश सिंह और शिवम यादव ने दो-दो, जबकि आतिफ साजिद ने एक विकेट हासिल किया। शानदार गेंदबाजी के लिए मो. तैमूर को प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया।

मैच से पहले गौतम करवरिया ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त किया। मुकाबले के बाद उत्तर प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन की जूनियर चयन समिति के सदस्य मो. जाहिद अली ने पुरस्कार प्रदान किए।

नितिन यादव की नाबाद पारी से जीता फूलपुर

दूसरे सेमीफाइनल में फूलपुर विधानसभा ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 135 रन बनाए। नितिन यादव ने नाबाद 35 रन बनाकर पारी को संभाला। यादवेन्द्र सिंह यादव ने 29, अथर्व प्रजापति ने 25 और मयंक दुबे ने 20 रन का योगदान दिया। मेजा की ओर से अमितेश शुक्ला, आशु उपाध्याय और अर्जुन दुबे ने एक-एक विकेट लिया।

लक्ष्य का पीछा करने उतरी मेजा की टीम 17.2 ओवर में 91 रन पर ऑलआउट हो गई। अर्जुन दुबे ने 40 रन की संघर्षपूर्ण पारी खेली, जबकि अंकित यादव ने 16 रन बनाए। फूलपुर की ओर से दिव्यांश ने दो विकेट लिए। मयंक दुबे, अभिनव तिवारी और अजय यादव ने एक-एक विकेट हासिल किया। शानदार बल्लेबाजी के लिए नितिन यादव को प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया।

मैच से पहले नीलम करवरिया कप की चयन समिति के सदस्य प्रदीप सिंह, सुशील ओझा और राकेश मिश्र ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त किया। पुरस्कार पूर्व रणजी खिलाड़ी आशीष विंस्टन जैदी ने प्रदान किए।

खिलाड़ियों को बांटी गई 50 हजार रुपये की पुरस्कार राशि

प्रतियोगिता के दूसरे सेमीफाइनल के अवसर पर खिलाड़ियों को 50 हजार रुपये की पुरस्कार राशि वितरित की गई। आयोजन सचिव सक्षम करवरिया ने अतिथियों का स्वागत किया। इस अवसर पर संदीप करवरिया, सोमेश्वर पांडेय, अजय कुशवाहा और मुकेश कुमार सहित अन्य लोग मौजूद रहे।

शनिवार को होगा खिताबी मुकाबला

नीलम करवरिया कप का फाइनल शनिवार को इलाहाबाद पश्चिम और फूलपुर विधानसभा की टीमों के बीच दोपहर 12:30 बजे खेला जाएगा। दोनों टीमें सेमीफाइनल में शानदार प्रदर्शन के बाद खिताब अपने नाम करने के इरादे से मैदान पर उतरेंगी। दर्शकों को एक रोमांचक मुकाबले की उम्मीद है।

हिन्दुस्थान समाचार / रामबहादुर पाल

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

762680 Articles

Share this story