नीलम करवरिया कप : विभव-अर्पित की जोड़ी ने करछना को दिलाई 10 विकेट से जीत

WhatsApp Channel Join Now
नीलम करवरिया कप : विभव-अर्पित की जोड़ी ने करछना को दिलाई 10 विकेट से जीत






फाफामऊ ने बारा को 55 रन से हराया, प्रियांशु यादव बने प्लेयर ऑफ द मैच

प्रयागराज, 11 अक्टूबर (हि.स.)। नीलम करवरिया कप क्रिकेट प्रतियोगिता के दूसरे संस्करण में रविवार को करछना और फाफामऊ विधानसभा की टीमों ने शानदार जीत दर्ज की। केपी कॉलेज मैदान पर खेले गए पहले मुकाबले में करछना ने प्रतापपुर को 10 विकेट से करारी शिकस्त दी। दूसरे मैच में फाफामऊ ने बारा को 55 रन से हराकर विजयी शुरुआत की। करछना की जीत में विभव कुशवाहा और अर्पित सिंह की नाबाद साझेदारी निर्णायक रही, जबकि फाफामऊ की जीत के नायक प्रियांशु यादव ने धारदार गेंदबाजी करते हुए तीन विकेट झटके।

विभव-अर्पित की नाबाद साझेदारी से जीता करछना

पहले मुकाबले में टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी प्रतापपुर विधानसभा की टीम 19.5 ओवर में 114 रन बनाकर आउट हो गई। अभिषेक यादव ने 31, अनुज सिंह परिहार ने 17 और सौरभ त्रिपाठी ने 14 रन बनाए। करछना की ओर से हार्दिक सिंह ने तीन विकेट लिए। सज्जाद हुसैन और श्लोक प्रताप सिंह को दो-दो, जबकि कुलदीप मिश्र और अभिषेक मिश्र को एक-एक विकेट मिला।

115 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी करछना की टीम ने शानदार बल्लेबाजी की और 17.2 ओवर में बिना कोई विकेट गंवाए जीत हासिल कर ली। विभव कुशवाहा ने 52 गेंदों पर आठ चौकों की मदद से नाबाद 62 रन बनाए। वहीं, अर्पित सिंह ने 52 गेंदों पर दो चौकों और एक छक्के के सहारे नाबाद 49 रन की पारी खेली। दोनों बल्लेबाजों ने बेहतरीन तालमेल के साथ टीम को 10 विकेट से जीत दिलाई। विभव कुशवाहा को प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया। पूर्व खिलाड़ी मो. तारीफ ने उन्हें पुरस्कार प्रदान किया।

फाफामऊ ने 55 रन से दर्ज की जीत

दिन के दूसरे मुकाबले में फाफामऊ विधानसभा ने पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 20 ओवर में 115 रन बनाए। गौरव पाठक ने 22, सौरभ प्रताप सिंह ने 19, सिद्धार्थ मिश्र ने 17 और मो. उस्मान ने 13 रन का योगदान दिया। बारा की ओर से सौरभ सिंह ने चार विकेट चटकाए। आयुष सिंह ने तीन, अविनाश सिंह ने दो और शिवम यादव ने एक विकेट लिया।

116 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी बारा विधानसभा की टीम फाफामऊ के गेंदबाजों के सामने टिक नहीं सकी। पूरी टीम 16.3 ओवर में 60 रन पर सिमट गई। शिवम यादव ने सर्वाधिक 16 रन बनाए। फाफामऊ की ओर से प्रियांशु यादव ने चार ओवर में 13 रन देकर तीन विकेट लिए। मो. उस्मान, गौरव पाठक और आदित्य मौर्य ने दो-दो विकेट हासिल किए, जबकि सौरभ शर्मा को एक विकेट मिला। शानदार गेंदबाजी के लिए प्रियांशु यादव को प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया। पूर्व खिलाड़ी गिरधारी मिश्र ने उन्हें पुरस्कार दिया।

आयोजन सचिव ने किया अतिथियों का स्वागत

प्रतियोगिता के आयोजन सचिव सक्षम करवरिया ने मुख्य अतिथियों का स्वागत किया। इस अवसर पर संदीप करवरिया, सुयश शर्मा, सोमेश्वर पांडेय, परवेज आलम, अजय कुशवाहा और मुकेश कुमार सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।

पहले मुकाबले में धीरज अवस्थी और मो. आरिफ ने, जबकि दूसरे मैच में राहुल सिंह और अरुण कुमार ने अंपायर की भूमिका निभाई। दोनों मुकाबलों में प्रितेश सोनकर और अंकित पांडेय ने स्कोरिंग की।

सोमवार को खेले जाएंगे दो मुकाबले

प्रतियोगिता में सोमवार को दो मैच खेले जाएंगे। पहला मुकाबला सुबह आठ बजे फूलपुर और कोरांव विधानसभा की टीमों के बीच होगा। दूसरा मैच दोपहर 12 बजे शहर दक्षिणी और सोरांव विधानसभा की टीमों के बीच खेला जाएगा।

हिन्दुस्थान समाचार / रामबहादुर पाल

Share this story