सिद्धार्थ के दम पर फाफामऊ सेमीफाइनल में, मेजा की पहली जीत में चमके विनय

WhatsApp Channel Join Now
सिद्धार्थ के दम पर फाफामऊ सेमीफाइनल में, मेजा की पहली जीत में चमके विनय


सिद्धार्थ के दम पर फाफामऊ सेमीफाइनल में, मेजा की पहली जीत में चमके विनय


सिद्धार्थ के दम पर फाफामऊ सेमीफाइनल में, मेजा की पहली जीत में चमके विनय


हंडिया को चार विकेट से हराकर फाफामऊ ने कटाया सेमीफाइनल का टिकट, मेजा ने करछना को आठ विकेट से दी शिकस्त

प्रयागराज, 13 अक्टूबर (हि.स.)। नीलम करवरिया कप क्रिकेट प्रतियोगिता के दूसरे संस्करण में मंगलवार को फाफामऊ विधानसभा की टीम ने हंडिया को चार विकेट से हराकर सेमीफाइनल में जगह पक्की कर ली। दूसरे मुकाबले में मेजा विधानसभा ने करछना को आठ विकेट से पराजित कर प्रतियोगिता में पहली जीत दर्ज की। फाफामऊ की जीत में सिद्धार्थ मिश्र ने नाबाद 35 रन बनाकर अहम भूमिका निभाई, जबकि मेजा की जीत के नायक विनय यादव रहे। उन्होंने गेंद और बल्ले दोनों से शानदार प्रदर्शन किया। दूसरे मुकाबले के दौरान खिलाड़ियों को कुल 1 लाख 2 हजार 400 रुपये की पुरस्कार राशि वितरित की गई।

सिद्धार्थ और सौरभ ने फाफामऊ को दिलाई जीत

पहले मुकाबले में टॉस हारकर बल्लेबाजी करने उतरी हंडिया विधानसभा की टीम ने निर्धारित 20 ओवर में 133 रन बनाए। आयुष यादव ने 57 रन की अर्धशतकीय पारी खेली, जबकि लवकुश चौहान ने 40 रन का योगदान दिया। फाफामऊ की ओर से मोहम्मद उस्मान ने दो विकेट लिए। प्रियांशु यादव, आकाश गिरी, आदित्य मौर्य और गौरव पाठक को एक-एक विकेट मिला।

लक्ष्य का पीछा करने उतरी फाफामऊ की टीम ने 17.5 ओवर में छह विकेट खोकर 134 रन बनाते हुए मुकाबला अपने नाम कर लिया। सिद्धार्थ मिश्र 35 रन बनाकर नाबाद रहे, जबकि सौरभ प्रताप सिंह ने 29 रन बनाए। हंडिया की ओर से प्रेरक पाल ने तीन विकेट लेकर मुकाबले में संघर्ष किया। सद्भाव यादव ने दो और आदर्श सिंह ने एक विकेट लिया।

जीत के साथ ही फाफामऊ ने सेमीफाइनल में प्रवेश कर लिया। मैच से पहले आदर्श करवरिया और क्रिकेट कोच परवेज आलम ने दोनों टीमों के खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त किया। मुकाबले के बाद पूर्व क्रिकेटर विनोद कुशवाहा ने सिद्धार्थ मिश्र को प्लेयर ऑफ द मैच का पुरस्कार दिया।

विनय के हरफनमौला प्रदर्शन से मेजा की बड़ी जीत

दिन के दूसरे मुकाबले में मेजा के गेंदबाजों ने करछना की टीम को बड़ा स्कोर बनाने का मौका नहीं दिया। टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी करछना की पूरी टीम 18.1 ओवर में 92 रन पर सिमट गई। शुभम गुप्ता ने 28 और राहुल निषाद ने 23 रन बनाए। मेजा की ओर से संदीप पटेल ने तीन विकेट लिए। विनय यादव ने भी तीन बल्लेबाजों को आउट किया, जबकि अर्जुन दुबे और आशु उपाध्याय को दो-दो विकेट मिले।

93 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी मेजा की टीम ने आक्रामक बल्लेबाजी करते हुए 11.3 ओवर में दो विकेट खोकर 96 रन बना लिए और आठ विकेट से जीत दर्ज की। अर्जुन दुबे ने नाबाद 40 रन बनाए, जबकि अंकित यादव ने 27 और विनय यादव ने 25 रन का योगदान दिया।

विनय यादव ने 18 गेंदों पर 25 रन बनाने के साथ चार ओवर में 19 रन देकर तीन विकेट भी हासिल किए। उनके शानदार प्रदर्शन के लिए पूर्व रणजी खिलाड़ी जावेद खान ने उन्हें प्लेयर ऑफ द मैच के पुरस्कार से सम्मानित किया। मैच से पहले सुयश शर्मा और जाहिद अली ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त किया।

प्रतियोगिता के आयोजन सचिव सक्षम करवरिया ने अतिथियों का स्वागत किया। इस अवसर पर संदीप करवरिया, सोमेश्वर पांडेय, अजय कुशवाहा और मुकेश कुमार सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।

बुधवार को होंगे दो मुकाबले

प्रतियोगिता में बुधवार को दो मुकाबले खेले जाएंगे। पहला मैच सुबह आठ बजे इलाहाबाद दक्षिण और इलाहाबाद पश्चिम विधानसभा की टीमों के बीच होगा। दूसरा मुकाबला दोपहर 12 बजे इलाहाबाद उत्तरी और कोरांव विधानसभा की टीमों के बीच खेला जाएगा।

पहले मुकाबले में शिशिर मेहरोत्रा और राहुल सिंह ने अंपायर की भूमिका निभाई, जबकि दूसरे मैच में शिशिर मेहरोत्रा और अरुण कुमार ने अंपायरिंग की। पहले मैच में प्रितेश सोनकर और अंकित पांडेय तथा दूसरे मैच में प्रितेश सोनकर और मोहम्मद सैफ ने

स्कोरिंग की जिम्मेदारी संभाली।

हिन्दुस्थान समाचार / रामबहादुर पाल

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

760412 Articles

Share this story