अभिषेक के शानदार अर्धशतक से फीनिक्स इलेवन फाइनल में

WhatsApp Channel Join Now
अभिषेक के शानदार अर्धशतक से फीनिक्स इलेवन फाइनल में


रॉयल क्रिकेट क्लब को 55 रन से दी शिकस्त, अभिषेक ने 41 गेंदों पर बनाए 81 रन

प्रयागराज, 14 नवंबर (हि.स.)। अभिषेक गुप्ता की तूफानी बल्लेबाजी के दम पर फीनिक्स इलेवन ने रॉयल क्रिकेट क्लब को 55 रन से पराजित कर केएस स्पोर्ट्स 30 प्लस कलर ड्रेस टी-20 प्रतियोगिता के फाइनल में जगह बना ली। भानु प्रताप सिंह क्रिकेट मैदान पर शनिवार को खेले गए सेमीफाइनल मुकाबले में अभिषेक ने 41 गेंदों पर 81 रन की शानदार पारी खेली। उन्होंने अपनी पारी में 14 चौके और एक छक्का लगाया।

पहले बल्लेबाजी करते हुए फीनिक्स इलेवन ने निर्धारित 20 ओवर में पांच विकेट पर 203 रन का मजबूत स्कोर खड़ा किया। अभिषेक गुप्ता ने 81 रन बनाए, जबकि कप्तान मलय प्रसाद ने 25, निशांत ने नाबाद 30, अंकित गुप्ता ने 22 और विनीत तिवारी ने नाबाद 18 रन का योगदान दिया। रॉयल क्रिकेट क्लब की ओर से शिब्बू मिश्रा ने 34 रन देकर दो विकेट लिए। ऋषभ शुक्ला, डॉ. बीके राय और डीके यादव को एक-एक सफलता मिली।

204 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी रॉयल क्रिकेट क्लब की टीम निर्धारित 20 ओवर में नौ विकेट पर 148 रन ही बना सकी। राहुल ने 37 और डॉ. अतुल ने 34 रन बनाए। डॉ. मनीष सिंह ने 20 तथा डॉ. बीके राय ने नाबाद 12 रन का योगदान दिया।

फीनिक्स इलेवन की ओर से विपिन कुमार यादव, शिवम अरोड़ा और धीरज मिश्रा ने शानदार गेंदबाजी करते हुए दो-दो विकेट हासिल किए, जबकि गौरव मध्यान को एक विकेट मिला। इस तरह फीनिक्स इलेवन ने 55 रन से जीत दर्ज कर खिताबी मुकाबले में प्रवेश किया।

हिन्दुस्थान समाचार / रामबहादुर पाल

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

777240 Articles

Share this story