खेलों से विद्यार्थियों में अनुशासन और स्वस्थ प्रतिस्पर्धा की विकसित हाेती है भावना : प्रो. आशीष खरे
इलाहाबाद विश्वविद्यालय की वार्षिक खेल प्रतियोगिता शुरू, पहले दिन साइकिलिंग, शतरंज और दौड़ के मुकाबले हुए
प्रयागराज, 17 नवंबर (हि.स.)। इलाहाबाद विश्वविद्यालय में मंगलवार को वार्षिक खेल प्रतियोगिता का शुभारंभ कुलसचिव प्रो. आशीष खरे ने किया। प्रतियोगिता अगले दो दिनों तक चलेगी। इसके माध्यम से विद्यार्थियों को अपनी खेल प्रतिभा दिखाने का अवसर मिलेगा। पहले दिन साइकिलिंग, शतरंज और दौड़ सहित कई प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं, जिनमें छात्र-छात्राओं के साथ शिक्षकों और गैर-शिक्षण कर्मचारियों ने भी उत्साहपूर्वक भाग लिया।
प्रतियोगिता के पहले दिन विश्वविद्यालय के विज्ञान संकाय परिसर में साइकिलिंग के अंतिम मुकाबले आयोजित किए गए। इसमें विद्यार्थियों के अलावा विश्वविद्यालय के शिक्षक और गैर-शिक्षण कर्मचारी भी शामिल हुए। सभी प्रतिभागियों ने पूरे उत्साह के साथ अपनी खेल प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
दोपहर में विद्यार्थियों के बीच शतरंज और दौड़ प्रतियोगिताएं हुईं। स्पोर्ट्स बोर्ड में शतरंज के मुकाबले आयोजित किए गए, जबकि एमसीसी मैदान में 100 मीटर, 200 मीटर और 400 मीटर दौड़ के साथ 4×100 मीटर रिले दौड़ कराई गई। प्रतियोगिताओं में खिलाड़ियों ने उत्साह के साथ हिस्सा लिया।
स्पोर्ट्स डायरेक्टर डॉ. पंकज शर्मा और सह खेल निदेशक डॉ. सर्वश्रेष्ठ धम्मी ने बताया कि पहले दिन सभी प्रतिभागियों ने अपनी खेल प्रतिभा का प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता के आगामी दो दिनों में भी विभिन्न खेल मुकाबले आयोजित किए जाएंगे।
हिन्दुस्थान समाचार / रामबहादुर पाल

