सीसीटीवी कप पर ईवीटीईक्यू इलेवन का कब्जा

WhatsApp Channel Join Now
सीसीटीवी कप पर ईवीटीईक्यू इलेवन का कब्जा


अरहम सिद्दीकी बने मैन ऑफ द मैच और मैन ऑफ द सीरीज, अविनाश यादव ने खेली 66 रन की पारी

प्रयागराज, 22 नवंबर (हि.स.)। अरहम सिद्दीकी की धारदार गेंदबाजी और अविनाश यादव की तूफानी बल्लेबाजी की बदौलत ईवीटीईक्यू इलेवन ने सीसीटीवी क्रिकेट प्रतियोगिता का खिताब अपने नाम कर लिया। रविवार को दौलत हुसैन कॉलेज मैदान पर खेले गए फाइनल मुकाबले में ईवीटीईक्यू इलेवन ने एंकोर्ड इलेवन को 25 रन से पराजित किया। अरहम ने चार विकेट लेकर जीत में अहम भूमिका निभाई, जबकि अविनाश ने 66 रन की शानदार पारी खेली।

टॉस के बाद पहले बल्लेबाजी करते हुए ईवीटीईक्यू इलेवन ने निर्धारित 20 ओवर में नौ विकेट पर 160 रन बनाए। अरहम सिद्दीकी ने 49 और पप्पू व मोहम्मद मुअज्जम ने 16-16 रन का योगदान दिया। एंकोर्ड इलेवन की ओर से अविनाश यादव और कृष्णा यादव ने दो-दो विकेट लिए।

लक्ष्य का पीछा करने उतरी एंकोर्ड इलेवन की टीम 17.4 ओवर में 135 रन पर सिमट गई। अविनाश यादव ने 66, अजेंद्र सिंह पटेल ने 14 और मोहम्मद इमरान ने 12 रन बनाए। ईवीटीईक्यू इलेवन की ओर से अरहम सिद्दीकी ने 21 रन देकर चार विकेट झटके। मोहम्मद मुअज्जम और मुबल्लिग अमीर ने दो-दो विकेट हासिल किए।

फाइनल के मुख्य अतिथि देवेश मिश्रा ने विजेता टीम को ट्रॉफी प्रदान की। अजेंद्र सिंह पटेल को सर्वश्रेष्ठ बल्लेबाज और सर्वश्रेष्ठ गेंदबाज चुना गया। अरहम सिद्दीकी को मैन ऑफ द मैच और मैन ऑफ द सीरीज का पुरस्कार दिया गया। अतुल खरे, मेराज खान और अवनीश वर्मा ने अतिथियों का स्वागत किया। इस अवसर पर मोहम्मद रिजवान, इरफान सिद्दीकी, पंकज कुशवाहा, बृजेश श्रीवास्तव, राकेश कुमार, अजमान खान, फुरकान और सनी हैदर मौजूद रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / रामबहादुर पाल

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

781611 Articles

Share this story