काशी सांसद खेलकूद प्रतियोगिता-2026 : क्रॉस कंट्री रेस के साथ अंतर-विश्वविद्यालय खेलकूद स्पर्धा की शुरूआत

WhatsApp Channel Join Now
काशी सांसद खेलकूद प्रतियोगिता-2026 : क्रॉस कंट्री रेस के साथ अंतर-विश्वविद्यालय खेलकूद स्पर्धा की शुरूआत


बीएचयू के एम्फीथियेटर ग्राउंड से प्रो.अनुपम कुमार नेमा ने हरी झंडी दिखाकर दौड़ को किया रवाना

वाराणसी, 13 अक्टूबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के वाराणसी में काशी सांसद खेलकूद प्रतियोगिता-2026 के तहत तीन दिवसीय अंतर-विश्वविद्यालय खेलकूद प्रतियोगिता काशी हिंदू विश्वविद्यालय (बीएचयू) परिसर में मंगलवार से शुरू हुई। पहले दिन पुरुष एवं महिला वर्ग के लिए 'क्रॉस कंट्री रेस' का आयोजन किया गया। विश्वविद्यालय क्रीड़ा परिषद के महासचिव प्रो. अनुपम कुमार नेमा ने हरी झंडी दिखाकर धावकों को एम्फीथियेटर ग्राउंड से रवाना किया। इस रोमांचक दौड़ में विभिन्न विश्वविद्यालयों के कुल 56 प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया और अपनी खेल प्रतिभा का प्रदर्शन किया। सुरक्षा और स्वास्थ्य के मद्देनजर काशी हिन्दू विश्वविद्यालय प्रशासन द्वारा मौके पर एम्बुलेंस एवं सुरक्षाकर्मियों की पुख्ता व्यवस्था की गई थी।

अंतर-विश्वविद्यालय काशी सांसद खेलकूद प्रतियोगिता की सचिव डॉ. कविता वर्मा ने बताया कि यह आयोजन नोडल ऑफिसर डॉ. सदानंद गुप्ता एवं समन्वयक डॉ. पूजा सिंह के विशेष सहयोग इण्डियन बैंक के प्रायोजन से सुचारू रूप से हो रहा है।

——क्रॉस कंट्री रेस (10 किलोमीटर) के परिणाम

खेल प्रभारी डॉ. खुर्शीद अहमद द्वारा घोषित आधिकारिक परिणामों के अनुसार पुरुष और महिला दोनों वर्गों में महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ का दबदबा रहा। पुरुष वर्ग (शीर्ष स्थान)में पहले नंबर पर विपिन यादव (काशी विद्यापीठ) समय: 30:09.19,दूसरे स्थान पर पवन यादव (काशी विद्यापीठ) समय: 30:22.18,तीसरे स्थान पर मोहित यादव (बीएचयू)समय: 30:40.81 रहे। इसी तरह महिला वर्ग में पहले स्थान पर छाया भारती (काशी विद्यापीठ) समय: 36 मिनट 41 सेकेंड,दूसरे स्थान पर कृति राय (बीएचयू) समय: 41 मिनट 42 सेकेंड,तृतीय स्थान पर प्रियंका पटेल (काशी विद्यापीठ) समय: 41 मिनट 58 सेकेंड रही।

प्रतियोगिता की सचिव डॉ. कविता वर्मा ने बताया कि अगले दो दिनों में आयोजित होने वाले खेल आयोजनों में 14 अक्टूबर को हॉकी (पुरुष वर्ग)शाम 4:30 बजे से एस्ट्रो टर्फ हॉकी मैदान पर खेला जाएगा। इसके प्रभारी डॉ. प्रदीप खलको एवं उप प्रभारी डॉ. वैभव राय हैं।

बास्केटबॉल (पुरुष वर्ग):शाम 4:30 बजे से बास्केटबॉल कोर्ट पर मुकाबला होगा। इसके प्रभारी डॉ. धीरेंद्र तिवारी एवं उप प्रभारी डॉ. किरण आर्या हैं।

15 अक्टूबर को बास्केटबॉल (महिला वर्ग) शाम 4:30 बजे से बास्केटबॉल कोर्ट पर खेला जाएगा। इसके प्रभारी डॉ. धीरेंद्र तिवारी एवं उप प्रभारी डॉ. प्रमोद कुमार यादव हैं।

इस क्रम में वॉलीबॉल (पुरुष एवं महिला वर्ग) शाम 4:30 बजे से वॉलीबॉल कोर्ट पर मैच आयोजित होंगे। इसके प्रभारी डॉ. रॉबिन कुमार सिंह और उप प्रभारी क्रमशः डॉ. राजीव कुमार सिंह एवं डॉ. हरीराम यादव हैं।

पहले दिन प्रतियोगिता के उद्घाटन सत्र के अवसर पर केंद्रीय तिब्बती विश्वविद्यालय के तेनजिंग, बीएचयू की डिप्टी चीफ प्रॉक्टर प्रो. निर्मला होरो, प्रो. मीनू लकरा, डीएवी पीजी कॉलेज, प्रोफेसर टी. ओनिमारेड्डी, सचिव डॉ. दीपक डोगरा, डॉ. राजीव कुमार सिंह, डॉ. रोबिन कुमार सिंह, डॉ. प्रदीप खालको आदि की मौजूदगी रही।

हिन्दुस्थान समाचार / श्रीधर त्रिपाठी

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

760327 Articles

Share this story