फर्रूखाबाद की बेटियों ने मुक्केबाजी में जिले का बढ़ाया गौरव

WhatsApp Channel Join Now
फर्रूखाबाद की बेटियों ने मुक्केबाजी में जिले का बढ़ाया गौरव


फर्रुखाबाद, 06 अप्रैल (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के हापुड़ में संपन्न हुई अंडर-19 आयु वर्ग की राज्य स्तरीय महिला मुक्केबाजी प्रतियोगिता में फर्रुखाबाद की बेटियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए जिले का नाम रोशन किया है। अनन्या माथुर ने 64 किलो भार वर्ग में रजत पदक हासिल किया, जबकि अन्नू राजपूत ने कांस्य पदक जीतकर जिले का गौरव बढ़ाया।

प्रतियोगिता में विभिन्न जनपदों के साथ अन्य प्रदेशों से भी खिलाड़ी प्रतिभाग करने पहुंचे थे। फर्रुखाबाद से प्रतिभाग करने वाली अनन्या और अन्नू ने अपने-अपने मुकाबलों में बेहतरीन प्रदर्शन किया। अनन्या माथुर इससे पहले भी राज्य स्तरीय प्रतियोगिताओं में पदक जीत चुकी हैं और लगातार अच्छा प्रदर्शन कर रही हैं। जिले की महिला मुक्केबाजों की इस उपलब्धि पर जिला बॉक्सिंग संघ के पदाधिकारियों ने खुशी जताई। संघ के अध्यक्ष मोहन अग्रवाल, सचिव संजीव कटियार, कोषाध्यक्ष हर्षवर्धन कटियार, सचिन सिंह, निशा परिहार, अनुज वर्मा और पूनम शर्मा ने खिलाड़ियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

संघ के अध्यक्ष मोहन अग्रवाल ने बताया कि पदक विजेता खिलाड़ियों का जनपद लौटने पर भव्य स्वागत और सम्मान किया जाएगा।

हिन्दुस्थान समाचार / Chandrapal Singh Sengar

Share this story