मलखंब प्रतियोगिता में बिजनौर पुलिस का शानदार प्रदर्शन, 11 स्वर्ण पदकों के साथ जीती चल विजयंती शील्ड

WhatsApp Channel Join Now
मलखंब प्रतियोगिता में बिजनौर पुलिस का शानदार प्रदर्शन, 11 स्वर्ण पदकों के साथ जीती चल विजयंती शील्ड


बिजनौर, 11 नवंबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश पुलिस की 13वीं वार्षिक मलखंब प्रतियोगिता-2026 में बिजनौर पुलिस के खिलाड़ियों ने अपनी प्रतिभा, मेहनत और खेल कौशल का शानदार प्रदर्शन करते हुए जनपद का गौरव बढ़ाया। पुलिस लाइन मुरादाबाद में आयोजित इस प्रतियोगिता में बिजनौर पुलिस की टीम ने 11 स्वर्ण पदक हासिल कर अपनी मजबूत उपस्थिति दर्ज कराई। इसके अलावा एकल प्रतियोगिता में एक स्वर्ण और एक रजत पदक जीतकर खिलाड़ियों ने अपनी उपलब्धियों में एक और महत्वपूर्ण अध्याय जोड़ दिया। शानदार प्रदर्शन के आधार पर बिजनौर पुलिस की टीम ने चल-विजयंती शील्ड भी अपने नाम कर ली।

इस उपलब्धि से पुलिस विभाग में खुशी का माहौल है। खिलाड़ियों की सफलता पर पुलिस अधीक्षक के. के. विश्नाेई ने बुधवार काे उनका उत्साहवर्धन करते हुए सभी पदक विजेताओं को बधाई दी। उन्होंने खिलाड़ियों के प्रदर्शन की सराहना करते हुए कहा कि किसी भी प्रतियोगिता में सफलता हासिल करने के लिए कठिन परिश्रम, नियमित अभ्यास, अनुशासन और समर्पण बेहद जरूरी है। बिजनौर पुलिस के खिलाड़ियों ने अपने प्रदर्शन से यह साबित किया है कि लगन और मेहनत के बल पर किसी भी लक्ष्य को हासिल किया जा सकता है।

पुलिस अधीक्षक ने कहा कि खेलकूद प्रतियोगिताएं पुलिसकर्मियों के शारीरिक और मानसिक विकास के साथ-साथ आत्मविश्वास, कार्यक्षमता और टीम भावना को भी मजबूत बनाती हैं। मलखम्भ जैसे पारंपरिक खेल में उत्कृष्ट प्रदर्शन करना खिलाड़ियों की शारीरिक दक्षता, संतुलन और एकाग्रता का परिचायक है।

एसपी के.के. विश्नाेई ने सभी खिलाड़ियों को भविष्य में भी इसी प्रकार बेहतर प्रदर्शन करने के लिए प्रेरित किया और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने उम्मीद जताई कि बिजनौर पुलिस के खिलाड़ी आने वाली प्रतियोगिताओं में भी अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर जनपद के साथ उत्तर प्रदेश पुलिस का नाम रोशन करेंगे। 11 स्वर्ण पदकों, एकल स्पर्धा में स्वर्ण एवं रजत पदक और चल-विजयंती शील्ड की उपलब्धि बिजनौर पुलिस के लिए गौरवपूर्ण रही।

हिन्दुस्थान समाचार / नरेन्द्र

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

775260 Articles

Share this story