बाराबंकी : सिरौली गौसपुर ने जीती ओवरऑल चैंपियनशिप, खिलाड़ियों ने दिखाया दम

WhatsApp Channel Join Now
बाराबंकी : सिरौली गौसपुर ने जीती ओवरऑल चैंपियनशिप, खिलाड़ियों ने दिखाया दम


बाराबंकी, 14 नवंबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जनपद बाराबंकी में पुलिस लाइन परिसर में आयोजित दो दिवसीय जनपद स्तरीय बेसिक बाल क्रीड़ा एवं सांस्कृतिक प्रतियोगिता का शनिवार को उत्साहपूर्ण माहौल में समापन हुआ। सिरौलीगौसपुर ने 72 अंक हासिल कर ओवरऑल चैंपियनशिप पर कब्जा जमाया, जबकि 70 अंक के साथ पूरेडलई उपविजेता रहा। मुख्य अतिथि जिला पंचायत प्रशासक राजरानी रावत ने विजेता खिलाड़ियों को मेडल और प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया।

समापन समारोह में राजरानी रावत ने कहा कि खेल प्रतियोगिताएं बच्चों की प्रतिभा निखारने और उनमें आत्मविश्वास पैदा करने का बेहतर माध्यम हैं। ग्रामीण क्षेत्रों में छिपी प्रतिभाओं को ऐसे आयोजनों से अपनी क्षमता प्रदर्शित करने का अवसर मिलता है। उन्होंने कहा कि जनपद स्तर पर चयनित बच्चे मंडल और राज्य स्तर पर प्रतिभाग कर जिले का नाम रोशन करेंगे।

खंड शिक्षा अधिकारी बंकी चंद्रशेखर यादव ने बताया कि दो दिवसीय प्रतियोगिता में जिले के 15 विकास खंडों और नगर क्षेत्र के 700 से अधिक बच्चों ने विभिन्न खेलकूद एवं सांस्कृतिक प्रतियोगिताओं में प्रतिभाग किया। आयोजन का उद्देश्य बच्चों में खेल भावना, अनुशासन, नेतृत्व क्षमता और आपसी सहयोग की भावना विकसित करना है।

इन खिलाड़ियों ने मारी बाजी

प्राथमिक स्तर पर सूरतगंज चैंपियन और सिरौलीगौसपुर उपविजेता रहा। उच्च प्राथमिक स्तर पर पूरेडलई ने चैंपियनशिप हासिल की, जबकि निंदूरा उपविजेता बना। व्यक्तिगत चैंपियनशिप के उच्च प्राथमिक बालक वर्ग में पूरेडलई के शादाब और बालिका वर्ग में सिरौलीगौसपुर की सुगराबानो विजेता रहीं। प्राथमिक बालक वर्ग में पूरेडलई के कंपोजिट विद्यालय खेतासराय के सत्यानाम ने बाजी मारी। वहीं बालिका वर्ग में पूरेडलई के कंपोजिट विद्यालय सनबरसा की अंशिका और सिरौलीगौसपुर के कंपोजिट विद्यालय महमूदाबाद की कुसुम ने विजेता स्थान हासिल किया।

कार्यक्रम का संचालन राजेंद्र त्रिपाठी, रुद्र प्रताप पांडेय और महिमा सिंह ने संयुक्त रूप से किया। इस मौके पर खंड शिक्षा अधिकारी अंबिका प्रसाद ओझा, उपेंद्र सिंह, जिला व्यायाम शिक्षक अनिल सिंह, रितु पाठक, धर्मेंद्र वर्मा, अभिषेक सिंह, पवन कुमार वर्मा, डॉ. आशुतोष वर्मा, अशोक सिंह, ऋषि टंडन, दिलीप तिवारी, मनोज चौधरी, दिवाकर अवस्थी, पंकज वर्मा सहित बड़ी संख्या में शिक्षक-शिक्षिकाएं मौजूद रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / पंकज कुमार चतुवेर्दी

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

777218 Articles

Share this story